जयपुर के सेंट्रल पार्क से चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के किडनैपिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। अशोक नगर थाना पुलिस ने 1 हजार से ज्यादा CCTV फुटेजों को खंगालकर 3 दोस्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस से बचने के लिए बदमाश बार-बार अपने छिपने के ठिकाने बदल रहे थे। आरोपियों ने बताया कि कर्जा चुकाने और शौक पूरे करने के लिए सीए को किडनैप करने का प्लान बनाया था। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सेंट्र्ल पार्क से किडनैप की कोशिश हुई थी दरअसल, 10 सितंबर को सेंट्रल पार्क की पार्किंग से 50 साल के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) राजीव गुप्ता को किडनैप किया गया था। सुबह मॉर्निंग वॉक पर आए सीए राजीव गुप्ता को 2 बदमाशों ने हथियार के दम पर उनकी ही मर्सिडीज कार में किडनैप कर लिया गया था। बचने के लिए राजीव गुप्ता ने चलती कार का गेट खोलकर अपने दोनों पैर बाहर निकाल लिए थे। संघर्ष के दौरान कार आमेर थाना इलाके में 2 गाड़ियों से टकरा गई थी। इसके बाद कार कच्चे रास्ते पर नाले में पलट गई थी। हादसे के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए थे। आमेर थाना पुलिस ने मौके से सीए राजीव गुप्ता को सुरक्षित डिटने कर लिया था। उनकी मर्सिडीज कार भी पुलिस ने बरामद कर ली थी। अशोक नगर थाना पुलिस की ओर से किडनैपिंग का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई थी। बाइक सवार बदमाश दो साथियों को सेंट्रल पार्क छोड़कर गया था DCP (साउथ) राजर्षिराज वर्मा ने बताया- पुलिस टीम ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और आवाजाही के रूट को ट्रेस किया। जांच में सामने आया कि बाइक पर आया बदमाश अपने दोनों साथियों को सेंट्रल पार्क के पास छोड़कर चला गया था। बाइक के नंबर के आधार पर जांच करने पर नंबर प्लेट फर्जी निकली। बार-बार ठिकाना बदलते रहे बदमाश डीसीपी ने बताया- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक का पीछा करते हुए पुलिस टीम आगरा रोड तक पहुंची। हादसे के बाद कार छोड़कर भागे दोनों बदमाशों ने अपने तीसरे साथी को कॉल कर बुलाया और फिर बाइक पर बैठकर फरार हो गए थे। पुलिस से बचने के लिए बदमाश बार-बार अपने छिपने के ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने शुक्रवार दोपहर दबिश देकर 3 बदमाशों को धर-दबोचा। प्रारंभिक पूछताछ में चार दोस्तों के मिलकर प्लान बनाने की बात सामने आई है। कर्जा चुकाने और शौक पूरे करने के लिए सीए को किडनैप करने का प्लान बनाया था। बदमाशों ने किडनैपिंग के लिए 2 दिन रेकी की थी। पुलिस ने बस्सी थाना इलाके के पोतली गांव निवासी चेतन शर्मा उर्फ लाला (24) और हनुमान प्रजापत (23) के साथ खो नागोरियान थाना इलाके के नूर नगर लुनियावास, गोनेर रोड निवासी जैनुल खान (23) को गिरफ्तार किया है। 20 हजार का रखा था इनाम
किडनैपिंग के लिए बदमाश हनुमान, जैनुल खान और एक अन्य फरार साथी सेंट्रल पार्क आए थे। जैनुल खान ने बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। फिर हनुमान और अपने फरार साथी को छोड़कर गया था। मर्सिडीज में जबरन सीए को किडनैप करने के बाद एक बदमाश ने अपनी शर्ट खोलकर मुंह बाधने की कोशिश भी की थी। चलती कार में मारपीट के दौरान गाड़ी बेकाबू होकर पलटी खा गई थी। बदमाश वहां से पैदल ही आमेर की पहाड़ियों पर चले गए थे। वहां से निकलने के लिए कॉन्टैक्ट करने पर उनके साथी ने कैब बाइक बुक कर भेजी थी। पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेजों को खंगालते हुए आगरा रोड तक पर फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक का पीछा करते पहुंच गई थी। वहां से बदमाश का कोई क्लू नहीं मिलने पर 20 हजार रुपए का इनाम रखा गया था। चार दोस्तों ने मिलकर की थी प्लानिंग
डीसीपी (साउथ) राजश्री राज ने बताया कि करीब 1 हजार CCTV फुटेजों को खंगालते हुए पुलिस टीम ने चेतन शर्मा को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर किडनैपिंग कर फिरौती वसूलने का प्लान बनाना बताया। जिसके बाद वारदात में शामिल उसके दोनों दोस्त हनुमान प्रजापत को बस्सी और जैनुल खान को जवाहर नगर से दबिश देकर पकड़ा। पुलिस जांच में सामने आया वारदात में शामिल चारों दोस्तों की पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं है। चेतन शर्मा पहले डिलीवरी बॉय था। काफी समय से उसके पिता भी बीमार चल रहे हैं। पकड़े गए आरोपी हनुमान प्रजापत और जैनुल खान भी कपड़े की दुकान पर काम करते थे। कर्जा चुकाने और मौज-मस्ती भरी जिदंगी जीने के लिए चारों दोस्तों ने प्लान बनाया था। 10 दिन पहले भी की थी कोशिश किडनैपिंग के लिए चेतन शर्मा ने इलेक्ट्रिक स्कूटी से सेंट्रल पार्क की रेकी की थी। सीए की किडनैपिंग के करीब 10 दिन पहले भी वह वारदात करने आए थे। भीड़भाड़ ज्यादा होने के कारण किसी का अपहरण नहीं कर पाए। काफी घंटे इंतजार करने के बाद भी निराशा हाथ लगने पर वापस लौट गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में यूज 2 बाइक, इलेक्ट्रिक स्कूटी और नकली पिस्टल, चाकू बरामद किया है। 1 महीने से थी प्लानिंग
पुलिस जांच में सामने आया कि चेतन शर्मा पहले भी खो नागोरियान इलाके में किडनैपिंग के मामले में आरोपी है। करीब एक महीने से उसने सेंट्रल पार्क में आने वाले किसी भी अकेले अमीर दिखने वाले आदमी की किडनैपिंग का प्लान बनाया था। किडनैप करने के बाद उसकी ही गाड़ी में डालकर नाई की थड़ी स्थित ठिकाने पर लाना था। परिजनों से कॉल कर अच्छी खासी फिरौती वसूलने के बाद छोड़ने की प्लानिंग थी। फिरौती से आई रकम से कर्ज उतारने के साथ मौज-मस्ती में यूज लेने की भी प्लानिंग कर रखी थी।
ये खबर भी पढ़ें… जयपुर- सेंट्रल पार्क से चार्टर्ड अकाउंटेंट का किडनैप:मर्सिडीज कार में लेकर भागे, 15KM दूर पलटी गाड़ी, CA को छोड़कर आरोपी फरार
