जिला पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन साइबर हंट” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 12 मोबाइल फोन और 17 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी देशभर के लोगों को फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जिले में लगातार “ऑपरेशन साइबर हंट” चलाया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस को सूचना मिली कि भासोर से बनकोड़ा रोड पर कुछ लोग मोबाइल से ऑनलाइन ठगी कर रहे है। सूचना पर सागवाड़ा थाना पुलिस एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर भासौर-बनकोड़ा रोड स्थित तालाब के पास के पास पहुंची। पुलिस ने घेरा डालकर मौके से 6 युवकों को पकड़ लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी मोबाइल फोन से लोगों से संपर्क कर खुद की पहचान बदलकर एस्कॉर्ट सर्विस उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। आरोपी विभिन्न वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अश्लील फोटो भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद एडवांस पेमेंट के नाम पर फर्जी खातों में पैसे डलवाकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी Locanto सहित कई वेबसाइटों पर फर्जी विज्ञापन डालते थे और देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर चुके हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है। पुलिस ने मामले में आरोपी मुकेश पुत्र नानजी पाटीदार निवासी बोडीगामा छोटा, मुकेश पुत्र मोगजी पाटीदार निवासी बोड़िगामा बड़ा, लालजी पाटीदार निवासी लौकियां बनकोडा, पंकज पाटीदार निवासी लौकियां बनकोडा , पियूष पटेल निवासी रायणा और कमलेश पाटीदार निवासी गामड़ी देवकी को गिरफ्त कर लिया है। अब तक 117 साइबर ठग पकड़े
पुलिस के अनुसार एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगो से ठगी करने वाले बदमाशों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले में अब तक ऑपरेशन साइबर हंट के तहत 21 प्रकरण दर्ज कर 117 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, 165 मोबाइल, 280 सिम कार्ड, 18 डेबिट कार्ड सहित अन्य सामान जब्त किया गया है। पुलिस ने युवाओं से साइबर ठगी से बचने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन ऑफर से सतर्क रहने की अपील की है।
