राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर द्वारा जिले में रविवार को लिपिक ग्रेड-।। /कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार को किया जाएगा। इसके लिए जिला मुख्यालय समेत अन्य जगह 45 परीक्षा सेंटर बनाए गए है। इस परीक्षा में 16 हजार 992 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड है। यह परीक्षा सुबह-शाम दो पारियों में होगी। इसके लिए एक घंटे पहले परीक्षार्थियों का परीक्षा सेंटर में प्रवेश रोक दिया जाएगा। यानि दो घंटे पहले परीक्षा सेंटर में एक घंटे प्रवेश दिया जाएगा। कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण प्रशासनिक अधिकारियों ने किया है। कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि भर्ती परीक्षा के तहत प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा सुबह 9ः30 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक और द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा दोपहर बाद 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम कार्यालय जिला मजिस्ट्रेट टोंक में स्थापित किया गया है। इसके दूरभाष नं. 01432-247478 है। कंट्रोल रूम का प्रभारी अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कृष्ण गोपाल शर्मा को बनाया गया है। ADM विनोद कुमार मीना ने बताया कि जिला प्रशासन ने इस परीक्षा को सुचारू रूप से पारदर्शिता पूर्वक करवाने के लिए परिवहन, रोडवेज, पुलिस, बिजली निगम आदि विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ली गई है। सभी को अपनी अपनी जिम्मेदारी दे दी है।