हाथ जोड़कर माफी मांगते इस शख्स को रील का शौक महंगा पड़ गया। इंस्टाग्राम पर अपलोड करने के बाद पुलिस ने पकड़ा तो हाथ जोड़कर बोला- मैंने आस-पड़ोस के लोगों को डराया-धमकाया। मुझे पुलिस ने गिरफ्तार किया, जेल में डाला। आप सभी से निवेदन है कि ऐसा काम कभी मत करना। मामला बालोतरा के गिड़ा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एयरगन बरामद कर जब्त कर ली। बालोतरा एसपी राजेश कुमार कांवत ने बताया – 3 अगस्त को गिड़ा थाने में रिपोर्ट मिली कि पूनियों का तला निवासी सोनाराम (24) पुत्र नारायणराम एयरगन का प्रदर्शन कर लोगों को डरा-धमका रहा है। सोशल मीडिया पर भी रील पोस्ट की है। गांव से आरोपी गिरफ्तार, एयरगन जब्त
एसपी ने बताया – सूचना मिलते ही गिड़ा थानाधिकारी बाबूलाल समेत टीम मौके पर पहुंची। मामले का सत्यापन किया। जांच में सामने आया कि एयरगन दिखाकर पड़ोसियों में डर का माहौल बना रहा था। 6 अगस्त की शाम को पूनियों का तला गांव से आरोपी को गिरफ्तार कर एयरगन जब्त कर ली गई। कार्रवाई में एएसआई रतिराम, कॉन्स्टेबल बींजाराम और ड्राइवर कॉन्स्टेबल फरसाराम शामिल रहे। रील बनाई, सोशल मीडिया पर डाली, फिर माफी मांगी
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बाइक के साइड में एयरगन रखकर रील बनाई थी। वीडियो में वह सड़क पर बाइक चलाते और फिर रोककर गाने के साथ रील बनाते हुए दिखाई दिया, जिसे 1 अगस्त को इंस्टाग्राम पर पर अपलोड कर दिया। एसपी ने बताया – सोशल मीडिया पर फेक, भ्रामक, आपत्तिजनक और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
