जोधपुर की ओसियां थाना पुलिस ने देर रात एमडी ड्रग बेचने की फिराक में बैठे 19 साल के तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 28.34 ग्राम अवैध एमडी ड्रग बरामद किया है। एसपी जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव के निर्देशानुसार एएसपी भोपालसिंह लखावत व डीएसपी प्रदीपसिंह चारण के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी मय टीम गश्त पर थे। मंदिर के चबूतरे पर बैठा था तस्कर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैठवासिया निवासी नरपतराम पुत्र बाबूराम जाट ओसियां चौराहे के पास ठाकुरजी मंदिर के पास ड्रग बेचने की फिराक में बैठा है। सूचना पर थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंदिर के चबूतरे पर बैठे संदिग्ध युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम नरपतराम बताया। तलाशी पर उसके पास से 28.34 ग्राम अवैध ड्रग मिला । पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से ड्रग को जब्त कर लिया है। शुरूआती पूछताछ में सामने आया कि इस नेटवर्क में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तालश कर रही है। कार्रवाई में ASI रामप्रकाश की विशेष भूमिका रही।
