खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाने में हेड कॉन्स्टेबल (मालखाना इंचार्ज) हरपाल सिंह (50) की बहरोड़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। 15 मई को दोपहर 12 बजे मालखाने में हथियारों की जांच करने के दौरान एक पिस्टल से गोली चल गई थी। गोली हरपाल के सिर से आर-पार चली गई थी। गोली की आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी मालखाने में पहुंचे और हरपाल को मुंडावर सीएचसी पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें बहरोड़ के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार मुंडावर थानाधिकारी मोहर सिंह ने बताया- हरपाल सिंह की शुक्रवार शाम 4 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई थी। 15 मई को उन्हें बहरोड़ के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। हरपाल सिंह के पैतृक गांव मांढण में पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। डीएसपी ने दी श्रद्धांजलि हरपाल सिंह यादव का शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुला हाल हो गया। ग्रामीणों ने भी उन्हें मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार पुलिसकर्मी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। खैरथल-तिजारा के डीएसपी लालसिंह यादव भी मांढण पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत हेड कांस्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी सेवाओं को याद किया। … घटना से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें थाने में हेड कॉन्स्टेबल के सिर के आर-पार हुई गोली:हथियारों की जांच करते समय हुआ फायर; आवाज सुनकर साथी पहुंचे तो बेहोश मिले खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाने में हेड कॉन्स्टेबल (मालखाना इंचार्ज) को गोली लग गई। हथियारों की जांच करते समय पिस्टल से फायर हो गया और गोली सिर के आर-पार हो गई। आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी मालखाने में पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर)