जोधपुर के रातानाडा चौराहे पर गुरुवार को भैरोसिंह शेखावत की मूर्ति का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि रहे। राजनाथ सिंह ने कहा- भैरोसिंह शेखावत का योगदान हमेशा अमर रहेगा। मैं लंबे समय से राजनीतिक क्षेत्र में काम कर रहा हूं। कई लोग लंबे समय से राजनीति में हैं, लेकिन शेखावत ने राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि समाज ओर देश बनाने के लिए की। राजनीति में कोई भी भैरोसिंह शेखावत पर आरोप नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा- आज जब एक देश एक चुनाव की बात चल रही है। सबसे पहले भैरोसिंह शेखावत ने ही सुझाव दिया था कि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ करवाया जाएं। इससे धन और समय की बचत भी होगी। ऐसा उनका मानना था। इससे विकास कार्यों में निरंतरता भी बनी रहे। राजनीति में जनसंघ को स्थापित करने का श्रेय शेखावत को जाता है। राजस्थान में पर्यटन को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम उन्होंने किया। आज भारत को पूरी दुनिया सुनती है उन्होंने कहा- पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत बोलता था तो बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता, लेकिन आज जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है। सारी दुनिया सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है। सीएम भजनलाल शर्मा की तारीफ की राजनाथ सिंह ने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम छू रहा है। जिस तरीके से वो राज्य को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। मैं अपने राजनीतिक अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि आने वाले समय में एक सफल राजनीतिक के तौर पर भजनलाल शर्मा का नाम लिया जाएगा। ममता बनर्जी पर साधा निशाना राजनाथ सिंह ने कहा- देश में अब तक 131 बार राज्य सरकारों को धारा 356 लगाकर केंद्र सरकार ने हटाया है। इनमें से 100 बार तो कांग्रेस की केंद्र सरकार ने ये काम किया है। उन दिनों इसके बावजूद भी राजनीतिक कटुता देखने को नहीं मिलती थी। इसका कारण व्यवहार था। राजस्थान में भैरोसिंह शेखावत का व्यवहार था। आजकल कुछ लोग चुनाव हार जाने के बाद इस्तीफा ही देने से इनकार कर देते हैं। लेकिन भैरोसिंह ने कभी भी राजनीतिक कटुता को अपने जीवन में स्थान नहीं दिया। राजनाथ सिंह ने कहा- देश इस समय सही दिशा में जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल डीजल खर्च कम करने की अपील की थी। हम लोगों ने भी अपने काफिले को 50 प्रतिशत से कम कर दिया है। देश की जनता भी इसमें मदद कर रही है। महिला नेताओं को वापस लौटाया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई भाजपा की महिला नेताओं की पुलिस ने VIP गेट से अंदर नहीं जाने दिया। इस पर महिला नेत्रियां गेट पर ही रुक गई। महिला मोर्चा की इंदिरा राजपुरोहित ने इसको लेकर विरोध जताया। इसके बाद भी पुलिस ने उन्हें नहीं जाने दिया। इस पर वो वापस लौटने लगी। बाद में बीजेपी नेता घनश्याम वैष्णव के हस्तक्षेप के बाद उन्हें एंट्री मिली। कई अन्य नेताओं को भी गेट से जाने नहीं दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, शहर भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी, शहर विधायक अतुल भंसाली सहित भाजपा नेता मौजूद रहे। पुलिस ने की बैरिकेडिंग, असामाजिक तत्व पकड़ा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने पूछा सुरक्षा व्यवस्था की इस दौरान एक असामाजिक तत्व भी पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। इस पर पुलिस ने पकड़ कर ले गई। बताया जा रहा है कि वह शराब की नशे में था।
