सलूंबर जिले में 18 घंटे के भीतर 2 चचेरी बहनों की मौत हो गई। दोनों बच्चियों को अचानक उल्टी की शिकायत हुई, फिर उन्हें तेज दौरे पड़ने लगे। दोनों ने घर पर ही दम तोड़ दिया। मामला जिले के लसाड़िया क्षेत्र के खजुरी पंचायत के कुंडा गांव का है। इन मौतों के बाद गांव में डर का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। वे घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। मेडिकल टीम ने गांव के कुछ बीमार बच्चों को लसाड़िया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती करवाया है। बीसीएमएचओ डॉ. सिंटू कुमावत ने बताया- अभी दोनों बच्चियों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। एक बच्ची का ही करवा सके पोस्टमॉर्टम जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर 12 बजे आशा (6) पिता तेजा मीणा की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उसकी चचेरी बहन रूसिया (5) पिता समीया मीणा ने भी दम तोड़ दिया। दोनों बच्चियों को उल्टी होने के बाद दौरे पड़े थे। दो बच्चियों की मौत के बाद बीसीएमएचओ डॉ. सिंटू कुमावत ने मामले को गंभीरता से लिया। रूसिया का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया। आशा का अंतिम संस्कार कर दिए जाने के कारण पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया जा सका। मेडिकल टीमें घर-घर जाकर कर रहीं सर्वे स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। टीम यह जांच रही है कि क्या कोई और बच्चा भी बीमार तो नहीं है। सलूंबर में रहस्यमयी बीमारी से हुई थी 8 बच्चों की मौत इससे पहले, कुंडा गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर झल्लारा और लसाड़िया क्षेत्र में 1 से 8 अप्रैल के बीच रहस्यमयी बीमारी से 8 बच्चों की मौत हुई थी। इनमें सगे भाई-बहन थे। इन बच्चों में उल्टी-दस्त की शिकायत सामने आई थी। तब जयपुर और उदयपुर के विशेषज्ञ डॉक्टर्स की टीम ने गांवों में जाकर जांच की थी। टीमों ने 500 से ज्यादा परिवारों का सर्वे किया था। इनपुट – भेरूलाल आमेटा, लसाड़िया। …………… ये खबर भी पढ़ें… रहस्यमयी बीमारी से 8 दिन में 8 बच्चों की मौत:3 और बच्चों ने बुखार-उल्टी के बाद दम तोड़ा; 500 से ज्यादा परिवारों का किया सर्वे सलूंबर जिले में 1 अप्रैल से 8 अप्रैल तक रहस्यमयी बीमारी का प्रकोप था। झल्लारा और लसाड़िया क्षेत्र में 8 दिन में 8 बच्चों की मौत हो गई थी। (पूरी खबर पढ़ें) राजस्थान में कैसे हुई 8 बच्चों की मौत ?:रात को खाना खाकर सोया, सुबह जान चली गई; घरवाले बोले- किसी और के साथ ऐसा नहीं हो सलूंबर जिले में रहस्यमयी बीमारी से 8 बच्चों की मौत हो गई थी। प्रशासन ने घर-घर जाकर सर्वे किया था। बच्चों के सैंपल लिए थे। बीमार मिलने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन बच्चों की मौत का कारण सामने नहीं आ सका था। (पूरी खबर पढ़ें)
