अमृतसर। सुल्तानविंड रोड पर तरनतारन फ्लाईओवर पर टर्न लेते समय धान से भरा एक ट्रक पलट गया। ट्रक में लदी धान की बोरियां फ्लाईओवर के नीचे मौजूद थाने के परिसर और आसपास जा गिरीं। हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन थाने के बाहर खड़े वाहनों और मोटरसाइकिलों को नुकसान पहुंचा। धान की बोरियां गिरने से काफी धान सड़क और आसपास बिखर गया। ट्रक चालक गुरजीत सिंह ने बताया कि वह ट्रक को मोड़ रहा था, तभी वाहन पलट गया और उसमें लदी धान की बोरियां नीचे गिर गईं। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और जानी नुकसान होने से बचाव रहा ओर मौके पर ही पुलिस मामले की जांच के लिए पहुंच गई। मजदूर बुलाकर इकट्ठा किया धान हादसे के बाद मौके पर मजदूरों को बुलाया गया, जिन्होंने बिखरे हुए धान को इकट्ठा किया। ट्रक को हटाने और स्थिति को संभालने के लिए जेसीबी व हाइड्रा मशीन भी मंगवाई गई। इस दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से हुए नुकसान की जांच की। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही सुल्तानविंड रोड और तरनतारन फ्लाईओवर पर भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में टर्न लेते समय ट्रक पलटने की इस घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
