अमृतसर के गांव सुदार में शनिवार रात करीब 11 बजे गांव के मौजूदा कांग्रेस पार्टी से जुड़े सरपंच निशान सिंह के घर पर बम नूमा चीज से हमला कर ब्लास्ट किया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों में भारी डर देखने को मिला। बताया जा रहा है कि उनसे पैसे की मांग की जा रही थी और रकम न देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। बीती रात हमलावरों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए, बम नूमा चीज से जोरदार धमाका करवाया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि इस हमले ने परिवार और गांव के लोगों को बुरी तरह डरा दिया है। विदेशी नंबर से आई 50 लाख की फिरौती कॉल सरपंच ने बताया कि मुझे 9 तारीख दोपहर को एक विदेशी नंबर से धमकी भरा कॉल आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर जीवन फौजी बताया और मुझसे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके बाद रात को मेरे घर पर ब्लास्ट करवा दिया गया। जीवन फौजी के नाम पर दोबारा मिली जान से मारने की धमकी ब्लास्ट के बाद भी जीवन फौजी ने दोबारा कॉल कर कहा कि मुझे दो दिनों के भीतर पैसे चाहिए। अगर पैसे नहीं मिले तो समझ लेना कि तुम्हारे आसपास मौत घूम रही है। या तो मुझे पैसे दे दो, नहीं तो तुम्हारी मौत तय है। पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगालने में जुटी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
