खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह से जुड़ी एफआईआर संख्या 39 के मामले की सुनवाई अब अमृतसर के सेशन कोर्ट में शुरू हो गई है। यह मामला पहले अजनाला कोर्ट में विचाराधीन था, जिसे प्रशासनिक और कानूनी आधार पर 30 अप्रैल को उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद अमृतसर स्थानांतरित कर दिया गया था। असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद अमृतपाल सिंह को शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से एडिशनल सेशन जज परविंदर सिंह की अदालत में पेश किया गया। कोर्ट में यह इस मामले की पहली सुनवाई थी। सुरक्षा और कानूनी प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 5 मई की तारीख निर्धारित की है। चालान पेश, अब शुरू होगा ट्रायल अमृतपाल सिंह के वकील रीतू राज सिंह संधू ने बताया कि अजनाला थाने में दर्ज इस एफआईआर की जांच पुलिस ने पूरी कर ली है और अदालत में चालान पेश किया जा चुका है। अब केस सेशन कोर्ट में आने के बाद मुकदमे (Trial) की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बचाव पक्ष के अनुसार, अब वे आरोपों की कानूनी समीक्षा कर अपनी दलीलें पेश करेंगे। आरोपों को चुनौती देने की तैयारी एडवोकेट संधू ने मीडिया से बातचीत में विश्वास जताया कि अदालत में दूध का दूध और पानी का पानी होगा। उन्होंने संकेत दिया कि 5 मई को होने वाली अगली सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष द्वारा आरोपों को रद्द करने (Quashing) या डिस्चार्ज के लिए आवेदन दायर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों को वे कानूनी रूप से मजबूती से चुनौती देंगे। 5 मई की सुनवाई पर टिकी निगाहें अजनाला कांड से जुड़े इस मामले को पंजाब की राजनीति और कानून-व्यवस्था के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें 5 मई की तारीख पर टिकी हैं, जब सेशन कोर्ट में इस मामले के कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर बहस होने की संभावना है।
