अबोहर उपमंडल के गांव हरीपुरा में पत्नी से प्रेम संबंधों के शक में एक व्यक्ति ने अपने ही चचेरे भाई पर कस्सी से हमला कर दिया। इस हमले में करीब 21 वर्षीय राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। पीड़ित राकेश ने बताया कि उसके ताया का बेटा संदीप कुमार उस पर शक करता है कि वह उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत करता है। राकेश के अनुसार, उसने कभी अपनी भाभी से बात नहीं की। रात में कमरे में घुसा आरोपी बीती रात जब राकेश अपने घर में सो रहा था, तभी संदीप कुमार उसके घर में घुस आया और कस्सी से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। राकेश ने बताया कि उसने भागकर अपनी जान बचाई। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इस घटना में राकेश की गर्दन पर 9 टांके लगे हैं। राकेश ने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर गत दिवस गांव के सरपंच निरंजन सिंह के पास एक पंचायत भी हुई थी। पंचायत में राकेश ने अपनी ओर से माफी मांगते हुए कहा था कि वह कभी भी अपनी भाभी से बात करने का प्रयास नहीं करेगा। राकेश ने पुलिस से संदीप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एमएलआर (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) की कॉपी आने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
