कर्मचारी चयन आयोग ने अपनी गलती का ठिकरा प्रदेश के 75 अभ्यर्थियों के सिर फोड़ दिया। पहले बोर्ड ने उनका चयन किया, अब ये कहकर नौकरी से निकाल दिया कि बैकलॉक नियमों के तहत नियुक्ति गलत हुई है। सभी अभ्यर्थी प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती 2022 (लेवल-प्रथम) सामान्य शिक्षा के थे। प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने इन 75 अभ्यर्थियों की पूर्व में की गई अनुशंसा और जिला आवंटन को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश जारी किया है। अभ्यर्थी अब कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। यह है कारण: 2022 की भर्ती में इन अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। विकलांगता श्रेणी में तब अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं थे। ऐसी स्थिति में इन पदों पर सामान्य अभ्यर्थियों की भर्ती कर ली। विकलांग वर्ग की दूसरी कैटेगरी वालों ने कर्मचारी चयन बोर्ड में नौकरी पाने के लिए अब अर्जी लगाई, लेकिन तब तक इन 75 कार्मिकों की नौकरी लग चुकी थी।
