Share Market Today 2nd September 2026: भारतीय शेयर बाजार के लिए बुधवार का कारोबारी सत्र भी राहत लेकर नहीं आया। लगातार तीसरे दिन बाजार लाल निशान में बंद हुआ है। मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच फिर तेज हुई सैन्य गतिविधियों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा और महंगाई बढ़ने की आशंका ने बाजार का माहौल और खराब कर दिया। बुधवार, 2 सितंबर को निफ्टी-50 में 0.59 फीसदी की गिरावट रही और यह 23,914 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय इंडेक्स 23,786 तक फिसल गया था। हालांकि, आखिरी घंटों में खरीदारी लौटने से निफ्टी ने निचले स्तर से कुछ नुकसान की भरपाई कर ली।