प्रदेश के सबसे बड़े सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने न्यूरो सर्जरी विभाग के HOD और SMS मेडिकल कॉलेज के एडिशनल प्रिंसिपल डॉक्टर मनीष अग्रवाल को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम जब कार्रवाई करने पहुंची तो डॉ. मनीष के कर्मचारी जगत ने रिश्वत की रकम घर के पास एक खाली प्लॉट में फेंक दी थी। पुलिस ने डॉक्टर के कर्मचारी जगत को भी गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने रिश्वत की रकम को प्लॉट से बरामद कर लिया। SMS हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर के जिस आईसीयू में 5 अक्टूबर की देर रात को आग लगी थी, वो डॉक्टर मनीष अग्रवाल के ही अंडर में है। इस हादसे में 3 महिलाओं समेत 8 मरीजों की जान चली गई थी। बिलों पर काउंटर सिग्नेचर की एवज में मांगी रिश्वत
एसीबी के एडिशनल एसपी संदीप सारस्वत ने बताया- एक व्यक्ति ने बुधवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि पिछले 3 महीनों से उसके बिल पास नहीं हो रहे हैं। उसका न्यूरो सर्जरी में काम आने वाले ब्रेन कॉइल की सप्लाई का काम है। कंपनी को 2 साल का टेंडर दिया गया था। मरीजों की जरूरत के अनुसार कंपनी से सामान मंगवाया जाता था। डॉ. मनीष अग्रवाल बिल पास करने के लिए 1 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। जब कंपनी का प्रतिनिधि बिल लेकर डॉ. मनीष अग्रवाल के ऑफिस पहुंचा, तो डॉ. मनीष ने बिल फेंक दिए और कहा- ये बिल अभी पास नहीं होंगे। डॉ. मनीष ने कर्मचारी से यह भी कहा कि वह उनसे पर्सनली आकर मिले। गुरुवार शाम को डॉ. मनीष अग्रवाल ने शिकायतकर्ता को मिलने के लिए घर बुलाया था। यहां एसीबी की टीम ने डॉ. मनीष अग्रवाल को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। ऑर्गन ट्रांसप्लांट प्रोग्राम के प्रभारी भी हैं डॉ. मनीष
डॉ. मनीष शर्मा ऑर्गन ट्रांसप्लांट प्रोग्राम के प्रभारी के रूप में भी कार्यरत है। डॉ. अग्रवाल SMS मेडिकल कॉलेज में स्टोर का महत्वपूर्ण वित्तीय काम भी देख रहे हैं। कॉलेज और उससे जुड़े सभी अस्पतालों की बड़ी खरीद के निर्णय लेने में उनकी अहम भूमिका है। सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को बर्बाद कर दिया
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने बड़ी मेहनत से एक स्वास्थ्य मॉडल विकसित किया था। यह बेहद शर्मनाक है कि भाजपा सरकार ने राजस्थान के स्वास्थ्य क्षेत्र को बर्बाद कर दिया है और इसकी साख को चोट पहुंचाई है। जूली ने कहा- SMS अस्पताल के HOD का ट्रैप होना राजस्थान में फैली अराजकता और भ्रष्टाचार का एक नमूना मात्र बताया। यह बीमारी हर क्षेत्र तक अपनी जड़ें मजबूत कर चुकी है। सरकार इस प्रकरण में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। SMS अस्पताल से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें जयपुर हॉस्पिटल अग्निकांड के 9 सबसे बड़े जिम्मेदार:मंत्री-सचिव से लेकर इंजीनियर तक ने की अनदेखी, कीमत- 8 लोगों की मौत जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) के ट्रॉमा सेंटर में हुए हादसे का असली जिम्मेदार कौन है? भास्कर ने इसकी पड़ताल की। ट्रॉमा सेंटर के इंचार्ज से लेकर चिकित्सा मंत्री तक ऐसे 9 लोग हैं, जिनकी हादसे से पहले और हादसे के बाद तक अनदेखी की भारी कीमत मरीजों ने अपनी जान देकर चुकाई। पूरी खबर पढ़ें SMS में सिंथेटिक-प्लास्टिक में आग से फैली थी जहरीली गैस:स्प्रिट की 9 बोतलें चपेट में आती तो और भयानक होता हादसा; FSL ने सौंपी रिपोर्ट जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में लगी आग के मामले में एफएसएल ने पुलिस को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। आग का कारण शॉर्ट सर्किट को ही माना है। रिपोर्ट के अनुसार, आईसीयू के स्टोर रूम का सिंथेटिक और प्लास्टिक मटेरियल जलने के कारण आईसीयू में जहरीली गैस भर गई। यही मरीजों की मौत की वजह बनी। पूरी खबर पढ़ें