राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में सियासी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को एडहॉक कमेटी की बैठक में कमेटी के सदस्यों और संयोजक के बीच गंभीर मतभेद सामने आए हैं। इसके बाद अब पूरा विवाद लोकपाल के पास पहुंच गया है। वहीं, डीडी कुमावत ने कहा है कि अगर मेरे ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध होते हैं, तो मैं खुद इस्तीफा देकर चला जाऊंगा। एडहॉक कमेटी के सदस्य धनंजय सिंह खींवसर ने जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज हुई एडहॉक कमेटी की बैठक में संयोजक डीडी. कुमावत शामिल नहीं हुए। उन्होंने एकतरफा फैसले लिए हैं, जबकि कमेटी के चारों सदस्यों की सहमति जरूरी थी। डीडी कुमावत को जोधपुर जिला क्रिकेट संघ (DCA) को डिसक्वालिफाई करने का अधिकार नहीं धनंजय सिंह खींवसर ने आरोप लगाया कि डीडी कुमावत को जोधपुर जिला क्रिकेट संघ (DCA) को डिसक्वालिफाई करने का कोई अधिकार नहीं था। इस निर्णय पर किसी सदस्य की राय नहीं ली गई और न ही लोकपाल की नियुक्ति में उनकी सहमति शामिल थी। खींवसर ने यह भी खुलासा किया कि पिछले साढ़े तीन महीनों से कोई बैठक नहीं बुलाई गई है। एडहॉक कमेटी के फैसले अब पूरी तरह एकतरफा हो गए हैं। चयन समिति के गठन को लेकर भी अब हम निर्णय लेंगे। उन्होंने बताया- आज की बैठक में आशीष तिवाड़ी, पिंकेश पोरवाल और वे स्वयं मौजूद रहे, जबकि चौथे सदस्य मोहित यादव अनुपस्थित रहे। डीडी कुमावत बोले- जिन लोगों ने बैठक बुलाई, उन्हें अधिकार नहीं था बैठक के बाद संयोजक डीडी कुमावत भी RCA कार्यालय पहुंचे। अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मुझे मीटिंग की सूचना परसों देर रात मेल के जरिए मिली थी। लेकिन जिन लोगों ने बैठक बुलाई। उन्हें ऐसा करने का अधिकार नहीं था, क्योंकि वे खुद हाईकोर्ट के आदेश से सस्पेंड हैं। डीडी कुमावत ने आगे कहा, यह मीटिंग अत्यावश्यक नहीं थी। ऐसी स्थिति में कम से कम सात दिन का नोटिस दिया जाना चाहिए था। धनंजय सिंह मेरे छोटे भाई जैसे हैं, लेकिन उन्हें कानून का पालन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी टेंडर से संबंधित कार्य फिलहाल एडहॉक कमेटी के पास हैं। आज की बैठक में शामिल तीन में से एक सदस्य सस्पेंड है, इसलिए वह बैठक वैध नहीं मानी जा सकती। कुमावत ने बताया कि अगर मेरे ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध होते हैं, तो मैं खुद इस्तीफा देकर चला जाऊंगा। फिलहाल इस मामले की जांच लोकपाल के पास है। उनके फैसले के बाद ही अब कुछ बता पाऊंगा। लगातार मतभेद सामने आ रहे बता दें कि RCA में बीते कुछ महीनों से एडहॉक कमेटी के भीतर अधिकारों और निर्णय प्रक्रिया को लेकर लगातार मतभेद सामने आ रहे हैं। इस अंदरूनी सियासी जंग ने राजस्थान क्रिकेट की गतिविधियों पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। जिससे न सिर्फ राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के भविष्य होने में होने वाले टूर्नामेंट बल्कि, राजस्थान की टीमों से खेलने वाले खिलाड़ी भी असमंजस की स्थिति में आ गए हैं। ये भी पढ़ें… बगावत के बाद मंत्री के बेटे को RCA से निकाला:एडहॉक कमेटी ने जोधपुर जिला क्रिकेट संघ की मान्यता को रद्द किया राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) का सियासी घमासान लगातार बढ़ता जा रहा है। एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने हेल्थ मिनिस्टर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर की अध्यक्षता वाले जोधपुर जिला क्रिकेट संघ की मान्यता को रद्द कर दिया है। (पूरी खबर पढ़ें)