राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में चल रहे सियासी विवाद के बीच अब एडहॉक कमेटी ने बड़ा कदम उठाया है। कमेटी के चार सदस्यों ने मिलकर पांच सदस्यीय क्रिकेट ऑब्जरवेशन कमेटी का गठन किया है। यह नई कमेटी अब RCA की सीनियर और जूनियर पुरुष व महिला सिलेक्शन कमेटी के फैसलों की समीक्षा करेगी। एडहॉक कमेटी के सदस्यों के अनुसार, नई गठित ऑब्जरवेशन कमेटी भविष्य में टीमों के चयन प्रक्रिया में अपने अनुभव के आधार पर सिलेक्शन कमेटी को सुझाव और सहयोग देगी। इस कमेटी में पांच जिला क्रिकेट संघों के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। जालौर जिला क्रिकेट संघ के सचिव सतीश व्यास, उदयपुर जिला क्रिकेट संघ के ट्रेजरार महेंद्र शर्मा, धौलपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव सोमेंद्र तिवाड़ी, बीकानेर जिला क्रिकेट संघ के सचिव रतन सिंह और जोधपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव अरिष्ट सिंघवी सदस्य बनाए गए हैं। दरअसल, बीते दिनों में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में टीम चयन को लेकर कई विवाद सामने आए थे। जिला क्रिकेट संघों ने चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज कराया था। इसी पृष्ठभूमि में एडहॉक कमेटी के चार सदस्यों ने यह कदम उठाया। हालांकि, इस निर्णय में RCA एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत के साइन नहीं हैं। कमेटी सदस्यों का कहना है कि यह निर्णय RCA में पारदर्शिता और चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। फिलहाल क्रिकेट सर्कल में यह कदम चर्चा का विषय बना हुआ है।
