राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले की तैयारी को लेकर अलर्ट मोड पर आ गया है। 2026 में RCA के नेतृत्व में आईपीएल के आयोजन को लेकर एडहॉक कमेटी कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन को लेटर लिखा है। लेटर में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम के साथ ही जोधपुर के बरकतुल्लाह खान क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन करने का प्रस्ताव भेजा है। इसके साथ ही 33 जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों से भी रॉयल्स प्रबंधन को पूरी तरह सहयोग देने का भी वादा किया है। कुमावत ने राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन को भेजे गए लेटर में लिखा है कि राजस्थान रॉयल्स 2008 में अपनी शुरुआत से ही इंडियन प्रीमियर लीग में हिस्सा ले रहा है, और राजस्थान राज्य को रिप्रजेंट करता है। जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम राजस्थान रॉयल्स का होम ग्राउंड रहा है। RCA का जोधपुर के साथ 15 साल का MOU ऐसे में बतौर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन हम प्रस्ताव देते हैं कि आने वाले IPL 2026 मैच राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के नेतृत्व में सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम, जयपुर जहां RCA के नेतृत्व में फिलहाल BCCI के सभी घरेलू मैच आयोजित किए जा रहे हैं। वहां आयोजित किए जाएं। अगर किसी कारण से SMS स्टेडियम में आयोजन की स्वीकृति नहीं मिलती है, तो बरकतुल्लाह खान क्रिकेट स्टेडियम जोधपुर में है। जिसका RCA का जोधपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी के साथ 15 साल का MOU है। हम सभी मैचों के इंतजामों की जिम्मेदारी लेते हैं इसके लिए राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन 33 डिस्ट्रिक्ट यूनिट्स के साथ, आपको भरोसा दिलाता है कि हम IPL मैचों के आयोजन से जुड़े सभी इंतजामों और पूरी जिम्मेदारी लेते हैं, जैसे कि सिक्योरिटी, लोकल इंतजाम और दूसरी चीजें हम सभी में आपका पूरा सहयोग करेंगे। ऐसे में राजस्थान में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले के आयोजन के संबंध में हमसे संपर्क करें। इस बार RCA के नेतृत्व में होंगे IPL के मुकाबले एडहॉक कमेटी कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने कहा कि राजस्थान में खेल प्रेमी इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में हम चाहते हैं कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के नेतृत्व में ही बेहतर ढंग से इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन हो। इसको लेकर हमारे राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन से बातचीत जारी है। हमें उम्मीद ही नहीं बल्कि पूरा विश्वास है कि इस बार RCA के नेतृत्व में ही राजस्थान में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन होगा। बता दें कि राजस्थान में पिछले दो सीजन से इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबलों का आयोजन RCA विवाद की वजह से खेल परिषद के नेतृत्व में किया जा रहा है। ऐसे में इस बार इंडियन प्रीमियर लीग की तैयारी से पहले ही राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन एडहॉक कमेटी द्वारा राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन को लेटर लिख RCA के नेतृत्व में आईपीएल के आयोजन की मांग रखी गई है।
