भीलवाड़ा में पेट्रोल पंपकर्मी को थप्पड़ मारने के विवाद में सस्पेंड चल रहे RAS अधिकारी छोटूलाल शर्मा पर पूर्व पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए है। पूर्व पत्नी का कहना है कि छोटू लाल की यह पहले से आदत है कि झगड़ा होने पर महिलाओं को आगे कर देना, और फिर कार्रवाई होने से बच जाना। पहली पत्नी ने कहा- वर्ष 2008 में मेरी उनसे शादी हुई थी। मैं उनकी पहली पत्नी हूं, फर्जी साइन से पति छोटू लाल ने तलाक के कागज बनवाए। मैंने इसकी शिकायत की और जोधपुर हाईकोर्ट में मुकदमा किया। मैं उसकी पहली पत्नी हूं और उसने मुझे धोखे से तलाक देने की कोशिश की। मैं आज भी उसके नाम का सिंदूर लगाती हूं। कोर्ट में तारीख मिल रही है, पर न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा- कॉलेज के समय भी छोटू लाल कई बार गलत हरकतें कर चुका है। वो झगड़ा और लड़कियों को छेड़कर मुझे आगे कर दिया करता था। और यही सब कहता था कि मेरी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की गई और इसी तरह कानून का फायदा उठाकर बचता आ रहा है। 2018 में जब छोटू का चयन राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में हुआ, वो SDM बने, तो लगा कि अब सब सुधर जाएगा। लेकिन हालात और बुरे हो गए। बच्चे बड़े हुए तो उनके साथ भी मारपीट करने लगा। रात- रात भर बाथरूम में बैठ कर दूसरी औरतों से बात करता, वॉट्सएप चैट करता था और टोकने पर मारपीट करता था। पति ने नकली सिग्नेचर से लिया तलाक, मामला कोर्ट में
पहली पत्नी का कहना है- साल 2020 में जब कोरोना महामारी के कारण स्कूल बंद हुए तो छोटू ने कहा कि पिलानी में अच्छे स्कूल हैं, वहां ऑनलाइन पढ़ाई भी चल रही है। बच्चों को वहां एडमिशन करवा देते हैं। मैं भी वहीं कमरा दिलवा दूंगा। मैंने पति की बात मान ली और बच्चों को लेकर पिलानी चली गई। लेकिन कुछ ही महीनों में छोटू ने आना-जाना बंद कर दिया। शुरू में वो स्कूल की फीस ऑनलाइन भेजते, लेकिन बाद में पूरी तरह संपर्क तोड़ लिया। बात करने की कोशिश करती तो मीटिंग का बहाना बनाते, धीरे-धीरे दूरी बढ़ती गई। विवाद के बाद एसडीएम ने दी थी सफाई बता दें कि 21 अक्टूबर को भीलवाड़ा के रायला थाना इलाके में अजमेर-भीलवाड़ा हाईवे पर स्थित जसवन्तपुरा के पेट्रोल पंप पर घटना हुई थी। इसके बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया हैं। मामले को लेकर छोटू लाल ने शनिवार को मीडिया के सामने अपनी सफाई दी थी। बताया कि वे अपनी फैमिली के साथ त्योहार मनाने गांव जा रहे थे। लेकिन पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने हमें गाड़ी से बाहर निकलने के लिए कह दिया। इसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने मेरी पत्नी को गलत इशारे किए। कर्मचारियों की हरकत के बारे में पत्नी ने मुझे बताया। पेट्रोल पंप कर्मचारी ने मेरी गाड़ी में गैस नहीं भरी, बल्कि पीछे वाली गाड़ी में गैस भरने लग गया। वाइफ का वीडियो बनाना और फोटो खींचना शुरू कर दिया। इसी कारण मुझे गुस्सा आया। मैंने उससे कहा कि तुम नियम से काम करो। मैं यहां पर एसडीएम लेवल का अधिकारी रहा हूं। तुम नियम तोड़ रहे हो, जो पहले आता है, उसको पहले भरना होता है। इस बात पर पेट्रोल पंप कर्मी ने गाली गलौच की, अभद्रता की। मेरे साथ हाथापाई की। मेरे मुंह में खून आ गया और मेरी वाइफ ने बीच बचाव किया। फिर हम रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए परिवार सहित करेड़ थाने पहुंचे। ……………….. ये खबर भी पढ़िए… पेट्रोल पंपकर्मी को थप्पड़ मारने वाले SDM सस्पेंड:सस्पेंशन में जयपुर सचिवालय रहेगा मुख्यालय; कार में CNG भरने को लेकर हुआ था विवाद
