Rajasthan : राजस्थान के बूंदी जिले के गेण्डोली थाना क्षेत्र के काली तलाई गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शिक्षकों को निर्देश देना हेडमास्टर को भारी पड़ गया। विद्यालय के ही तीन शिक्षकों ने बच्चों के सामने हेडमास्टर तुलसीराम बैरवा के साथ लात-घूंसों, थप्पड़ों और डंडे से मारपीट की। इसके बाद उन्हें कमरे में ले जाकर गला दबाने का भी आरोप है। इस घटना के बाद विद्यालय में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पीड़ित हेडमास्टर गेण्डोली थाने पहुंचे और रिपोर्ट दी। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर तीन शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं, पीड़ित का खटकड़ चिकित्सालय में मेडिकल मुआयना कराया गया है।
