जयपुर में ड्रग एवं फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम ने आज देर शाम शहर में अलग-अलग मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर एनर्जी ड्रिंक के पैकेट पकड़े हैं। ये ड्रिंक ORS के नाम से मिलते-जुलते नामों से बाजार में बेचे जा रहे थे, जिनको ORS के मानकों के अनुरूप नहीं माना गया है। जयपुर सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत के मुताबिक, राजापार्क गली नंबर-8 स्थित इंडियन फार्मा सेल्स से 5 विभिन्न फ्लेवर वाले ड्रिंक पैक के नमूने लेकर उनको जांच के लिए भिजवाया गया। शेष 1 लाख 93 हजार 200 मिलीलीटर के पैकेट सीज किए गए। इसी तरह मानसरोवर मध्यम मार्ग स्थित अपोलो फार्मेसी पर भी फ्रूट ड्रिंक के 200-200 मिलीलीटर के टेट्रा पैक को भ्रामक तरीके से ओआरएस के रूप में बेचा जा रहा था, जहां टीम ने छापा मारकर अलग-अलग फ्लेवर के 77 पैकेट बरामद किए। 50 रुपए तक में बेच रहे हैं फ्रूट ड्रिंक
जयपुर सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि उल्टी, दस्त में कमजोरी दूर करने के लिए ओआरएस का घोल बाजार में 10 रुपए का मिलता है। लेकिन दस रुपए के ओआरएस के एक पैकेट की जगह ये लोग इन फ्रूट एसेंस वाले ड्रिंक के पैकेट 45 से 50 रुपए में बेच रहे थे। उन्होंने बताया कि ये उत्पाद बाजार में इस तरह प्रस्तुत किए जा रहे थे कि आमजन इस उलझन में पड़ रहे थे कि यह दस्त या डिहाइड्रेशन की स्थिति में शरीर में पानी की कमी पूरी करने वाला ओआरएस घोल है, जबकि सच्चाई में ये केवल फ्रूट फ्लेवर पेय पदार्थ हैं।
