कोटा में NEET से 1 दिन पहले कोचिंग स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। स्टूडेंट हॉस्टल की छठी मंजिल से कूद गया। 3 मई को सुसाइड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। स्टूडेंट ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। उसने लिखा- मैं परिवार की कसौटी पर खरा नहीं उतर पाया। ऐसी पढ़ाई नहीं कर पाया, जिससे नीट में सिलेक्ट हो सकूं। मम्मी-पापा सॉरी है। दोस्तों सहयोग करने के लिए धन्यवाद। मृतक स्टूडेंट दीक्षित (20) करीब 1 साल से कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क एरिया में मातेश्वरी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला था। हैडफोन लगाकर गलियारे में घूमते दिखा
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कोचिंग स्टूडेंट दीक्षित शनिवार सुबह 5 बजे हॉस्टल के गलियारे में घूमते हुए नजर आ रहा है। कान में हैडफोन लगाकर टहलता दिख रहा है। इस दौरान पानी की बोतल भी भरता है। कुछ देर बाद अचानक छठी मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। दीक्षित काफी देर तक नीचे पड़ा रहा। हॉस्टल स्टाफ ने बाहर देखा तब स्टूडेंट के नीचे गिरने का पता चला। उसे तुरंत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कोचिंग स्टूडेंट दीक्षित के परिजन रविवार सुबह उत्तराखंड के अल्मोड़ा से कोटा आए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में स्टूडेंट का पोस्टमॉर्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। 1 मई को हुई थी आखिरी बार बात
कोचिंग स्टूडेंट के पिता भूपेंद्र प्रसाद ने बताया- मेरी दीक्षित से आखिरी बार बात 1 मई को हुई थी। तब वह नॉर्मल बात कर रहा था। उसे किसी भी प्रकार की कोई टेंशन नहीं थी। पढ़ाई में भी वह काफी अच्छा था। कोटा में उसे 2 साल हो गए थे। पहले 1 साल किसी दूसरे हॉस्टल में था और पिछले 1 साल से मातेश्वरी हॉस्टल में रह रहा था। भूपेंद्र प्रसाद ने बताया- रविवार को उसका नीट का एग्जाम था। मैं उसे लेने ही आने वाला था। उसका 2 साल का कोर्स पूरा हो गया था, लेकिन उससे पहले ही सुसाइड कर लिया। मेरे तीन बेटे हैं। दीक्षित सबसे छोटा था। उसे किसी भी प्रकार की कोई टेंशन नहीं थी। उसने क्यों ऐसा कदम उठाया यह समझ से परे है। थानाधिकारी बोले- CCTV फुटेज देखकर सुसाइड का पता चला
थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया- शनिवार सुबह एक कोचिंग स्टूडेंट के हॉस्टल की छठी मंजिल से गिरने की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा था कि वह गिरा है। हॉस्टल के CCTV फुटेज खंगाले तो पता लगा कि उसने सुसाइड किया है। थानाधिकारी ने बताया- स्टूडेंट सुबह के समय नॉर्मल घूम रहा था। दूसरे स्टूडेंट ने भी उसे देखा था। कुछ देर बाद उसने छठी मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। उसकी भी जांच की जा रही है। ये भी पढ़ें… एग्जाम से 1 दिन पहले नीट स्टूडेंट की मौत:पढ़ाई के दौरान चौथी मंजिल की बालकनी से गिरा, बैलेंस बिगड़ने से हुआ हादसा कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह नीट कोचिंग छात्र की हॉस्टल की चौथी मंजिल की बालकनी से गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद हॉस्टल स्टाफ और अन्य छात्रों ने उसे तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। (पूरी खबर पढ़ें)