नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET UG परीक्षा के आवेदन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि आज है। हालांकि, पिछले कई दिनों से छात्र फॉर्म भरने में परेशानी का सामना कर रहे हैं, क्योंकि वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही है, जिससे उन्हें निराशा हो रही है। छात्र घंटों तक ई-मित्र केंद्रों पर इस उम्मीद में बैठे रहते हैं कि वेबसाइट चलेगी और वे फॉर्म भर पाएंगे, लेकिन साइट के न चलने के कारण वे फॉर्म भरने में असमर्थ हैं। छात्रों ने केंद्र सरकार और NTA से वेबसाइट की समस्या को दूर करने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि यदि सरकार अंतिम तिथि नहीं बढ़ाती है, तो उनका एक साल बर्बाद हो जाएगा, जिसकी भरपाई कौन करेगा? छात्रा बोले- 1 साल से कर रहे तैयारी
छात्रा दुर्गा सुथार ने बताया कि वे पाल के रहने वाले हैं और पिछले 4 दिनों से NEET का फॉर्म भरने के लिए आ रहे हैं, लेकिन साइट नहीं चल रही है। जबकि वे पिछले करीब एक साल से तैयारी कर रहे हैं। यदि इस बार फॉर्म नहीं भर पाए तो उनका पूरा 1 साल खराब हो जाएगा। फॉर्म भरने के लिए चक्कर काट रही है
अशोक उद्यान की तरफ रहने वाली तमन्ना बेनीवाल ने बताया कि वे पिछले करीब 5 दिनों से ई-मित्र पर नीट का फॉर्म भरने के लिए चक्कर काट रही हैं। कई घंटे यहां बैठकर इंतजार भी कर रही हैं, लेकिन साइट नहीं चल रही है। यदि वे इस बार फॉर्म नहीं भर पाईं तो उनका पूरा साल खराब हो जाएगा। इतनी मेहनत से तैयारी की है। उनकी केंद्र सरकार से और आप सबके माध्यम से यही अपील है कि एग्जाम फॉर्म भरने की लास्ट डेट को आगे बढ़ाया जाए। जिस तरह की समस्या NTA की साइट में सामने आ रही है, उसे भी दुरुस्त किया जाए, क्योंकि उनके जैसे हजारों छात्र हैं जो साइट नहीं चलने की वजह से परेशान हैं। सरकार से यही गुजारिश है कि उनका साल बर्बाद होने से बचा लीजिए। बता दें कि ये फॉर्म 8 फरवरी से शुरू हुए थे, जिनकी अंतिम तिथि 8 मार्च तक है। कई दिनों से साइट में दिक्कत आ रही ई-मित्र पर कंप्यूटर ऑपरेटर सोनू सिंह ने बताया कि बीते कई दिनों से साइट में दिक्कत आ रही है। करीब 10 से 15 दिनों से नीट के फॉर्म भरने वाली वेबसाइट में एरर सामने आ रहा है। इसके चलते छात्र फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। यहां ई-मित्र पर रोजाना 50 से अधिक छात्र फॉर्म भरवाने के लिए आ रहे हैं, लेकिन सभी को घंटे इंतजार करने के बावजूद भी साइट नहीं चलने की वजह से वापस लौटना पड़ रहा है। देर रात तक भी हम ई-मित्र खुला रखकर इंतजार करते हैं कि साइट चल जाए, लेकिन साइट नहीं चल रही है।
