कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा ने डूंगरपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा- जब से डबल इंजन की सरकार बनी है। पुलिस आमजन को लूट रही है। रामसांकड़ा थाने में झूठे मुकदमे में SI लोगों को झूठे मुकदमों में फंसा रहा है। बच्चों से मारपीट मामले में गलत लोगों को फंसाना चाहता है। बिछीवाड़ा थाने में भी यही हाल है। वहां भी फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है। घोघरा ने कहा- थानों में FIR लिखने के लिए 10 से 15 हजार देने पड़ते हैं। 10-15 हजार लेने के बाद ही FIR दर्ज करते हैं। कांग्रेस विधायक के पुलिस पर आरोपों पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पलटवार किया। इस दौरान सदन में बेढम और गोविंद सिंह डोटासरा के बीच नोकझोंक हुई। बेढम ने कहा- विधायक का आरोप बिल्कुल गलत है। डोटासरा सच्चाई नहीं सुनना चाहते। डूंगरपुर पुलिस की सख्ती से अपराध कम हुए हैं। दिलावर बोले- डोटासरा ने भांग खाकर स्कूल खोले कांग्रेस राज में खोले गए अंग्रेजी मीडियम और स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूलों में खाली पदों से जुड़े सवाल पर विधानसभा में नोकझोंक और हंगामा हुआ। बीजेपी विधायक बालकनाथ के सवाल पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- कांग्रेस सरकार ने 3737 स्कूलों को अंग्रेजी मीडियम में बदल दिया। लेकिन एक भी पद सृजित नहीं किया। शिक्षा मंत्री के जवाब पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- कांग्रेस राज में महात्मा गांधी अंग्रेजी मीडियम स्कूलों का कैडर बना दिया था, उनका क्या हुआ? विवेकानंद मॉडल स्कूलों में अभी कितने पद खाली हैं? दिलावर ने कहा- कई स्कूल तो ऐसे हैं जहां एक बच्चा, दो बच्चे, 10 बच्चे हैं। वहां आप चाहते हैं सारे ग्रेड के टीचर लगाएं, ऐसा कैसे संभव है? जीरो, दो, 10 बच्चों पर स्कूल चलते हैं क्या? पता नहीं भांग खाकर स्कूल खोल दिए। शिक्षा मंत्री रहते डोटासराजी ने भांग खाई हुई थी। दिलावर के कमेंट पर जूली ने आपत्ति जताते हुए कहा- आप शिक्षा मंत्री हो। आप यह क्या जवाब दे रहे हो? लगता है आप भांग खाकर जवाब दे रहे हो? इस पर दिलावर ने कहा- आपको नहीं, डोटासराजी के लिए कहा है। उस समय डोटासरा शिक्षा मंत्री थे। अजमेर में खुलेगी आयुर्वेद-योग यूनिवर्सिटी विधानसभा में आज बहस के बाद राजस्‍थान आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्‍सा विश्‍वविद्यालय, अजमेर विधेयक 2026 को पारित कर दिया गया। 5 मार्च को इस बिल को विधानसभा में रखा गया था। बहस के दौरान कई विधायकों ने इस विश्वविद्यालय का नाम आयुष विश्वविद्यालय करने का सुझाव दिया। 140 स्थायी और 700 टेंपरेरी कोच भर्ती होंगे खेल विभाग में 140 स्थायी और 700 टेंपरेरी कोच की भर्ती होगी। निर्दलीय विधायक युनूस खान के सवाल के जवाब में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा- खेल विभाग ने 2012 के बाद पहली बार भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। 140 परमानेंट कोच की भर्ती के लिए वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है। कर्मचारी चयन बोर्ड आगे कार्यवाही कर रहा है। 700 टेंपरेरी कोच भी हम लेंगे, जिससे प्रदेश के ज्यादातर खेल प्रशिक्षण केंद्रों पर कोच लग जाएंगे। किरोड़ी ने माना मनरेगा में समय पर भुगतान नहीं होता विधानसभा में ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने माना है कि मनरेगा में समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं होता। अलग-अलग कारणों से मजदूरी के भुगतान में देरी होती है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पूरक सवाल के जरिए मंत्री से पूछा था कि मनरेगा मजदूरों को 15 दिन में मजदूरी का भुगतान करना होता है, लेकिन देरी हो रही है। डॉ. किरोड़ी ने कहा कि केंद्रीय अंशदान नहीं मिलने के कारण मजदूरी भुगतान में देरी हुई है। केंद्र सरकार से अंशदान लेने के लिए चिट्ठी लिखी गई है। मैं खुद व्यक्तिगत रूप से भी मिलूंगा। जरूरी दस्तावेज की पूर्ति नहीं होने के कारण केंद्रीय अंशदान में देरी होती है। मैटेरियल सप्लाई के टेंडर समय पर नहीं होते। इन सबके कारण भुगतान लेट हो जाते हैं। जैसे ही केंद्रीय अंशदान का पैसा मिलेगा, बकाया मजदूरी का भुगतान कर दिया जाएगा। … पल-पल की अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए…