बाड़मेर कलेक्टर टीना डाबी ने गणतंत्र दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों की सूची में भरतपुर जिले के बयाना थाने में दर्ज एक आरोपी का नाम भी शामिल कर लिया। इसके बाद मंत्री के.के. विश्नोई ने उसे प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कर दिया। इस पर बयाना की निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत ने कड़ा ऐतराज जताते हुए पूरे सिस्टम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बाड़मेर जिला प्रशासन ऐसे व्यक्ति को सम्मानित कर रहा है, जिसने उनका फेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। इस मामले की शिकायत उन्होंने पहले ही आईजी दिनेश एमएन को दी थी, जिसमें सहयोगी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर है। इसके बावजूद उसे सम्मानित किया जाना बेहद गंभीर मामला है। विवाद बढ़ने पर बाड़मेर कलेक्टर टीना डाबी ने गुरुवार देर रात आदेश जारी कर दिनेश मांजू से दिया गया सम्मान वापस ले लिया। साथ ही इस चूक के लिए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। वन्य जीव संरक्षण के कार्यों में शामिल किया गया नाम दरअसल, गणतंत्र दिवस के अवसर पर बाड़मेर जिला कलेक्टर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 113 लोगों की सूची जारी की थी। इस सूची में वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले दिनेश मांजू का नाम भी शामिल किया गया। 26 जनवरी को आदर्श स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मंत्री के.के. विश्नोई ने दिनेश मांजू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। जब इसकी जानकारी भरतपुर जिले की बयाना विधायक ऋतु बनावत को मिली, तो उन्होंने मीडिया से बातचीत में बाड़मेर जिला प्रशासन सहित पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि दिनेश मांजू को सम्मानित करने की सिफारिश आखिर किसने की। निर्दलीय विधायक बोलीं-फेक वीडियो बनाने वाले को किया सम्मानित बयाना से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत ने गुरुवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारे देश में कहा जाता है- ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवताः’, लेकिन आज महिलाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। उन्होंने सदन में उठे नारे ‘सशक्त नारी- हमारी जिम्मेदारी’ का जिक्र करते हुए कहा कि एक सशक्त नारी, जो निर्दलीय चुनाव लड़कर बड़े अंतर से जीतती है, उसी के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। यह कहानी किसी और की नहीं, बल्कि मेरी ही है। मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार नहीं, सम्मानित कर दिया गया ऋतु बनावत ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के कुछ ही दिनों बाद उनका एक डीप फेक वीडियो बनाया गया, जिसका उनसे कोई लेना-देना नहीं है। इस मामले में उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई और एडीजी क्राइम दिनेश एमएन को भी शिकायत दी। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराया। उनके हस्तक्षेप के बाद कुछ गिरफ्तारियां हुईं, लेकिन मुख्य अभियुक्त दिनेश मांजू को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब उसके ठिकानों पर दबिश दी गई, तो वह फरार हो गया। इसके बावजूद गणतंत्र दिवस पर उसे उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित कर दिया गया। विधायक ने सवाल उठाया कि ऐसे व्यक्ति को सम्मानित करने की सिफारिश आखिर किसने की। कलेक्टर टीना डाबी ने अवॉर्ड वापस लिया कलेक्टर टीना डाबी ने बताया- जिला स्तरीय कार्यक्रम में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिनेश मांजू का आवेदन प्राप्त हुआ था। उन्होंने विधायक द्वारा उठाए गए सवालों पर सफाई देते हुए कहा कि जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा के आधार पर दिनेश मांजू को सम्मानित किया गया था। कलेक्टर ने बताया कि मांजू के खिलाफ पुलिस प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आने के बाद यह पुरस्कार तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है। कार्मिकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कलेक्टर ने कहा कि जिला स्तरीय समिति के समक्ष दिनेश मांजू के खिलाफ दर्ज पुलिस प्रकरण से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने को गंभीरता से लिया गया है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित कार्मिकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दो साल पहले वायरल हुआ था वीडियो 1 जनवरी 2024 को ऋतु बनावत ने बताया था कि उन्हें एक परिचित का कॉल आया, जिसने एक वीडियो के बारे में जानकारी दी। परिचित ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक अश्लील वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें उनका नाम और फोटो जोड़कर शेयर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन लगातार फोन कॉल आने लगे। इसके बाद उन्होंने भरतपुर एसपी को पूरे मामले से अवगत कराया और बयाना थाने में मामला दर्ज कराया गया। साथ ही इस प्रकरण को लेकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को भी लिखित रूप से जानकारी दी गई थी। क्या था वीडियो में? सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और X पर ये वीडियो मांजू दिनेश, रिंकू चौधरी और बीजल खान नाम के अकाउंट से रील के रूप में शेयर किए गए थे। तीनों ही अकाउंट पर कैप्शन के साथ वीडियो को शेयर किया गया था। कहीं डीडवाना विधायक बता कर तो कहीं लोकसभा की चौकीदार बता कर इस वीडियो को शेयर किया गया था। — संबंधित ये खबर भी पढ़ें … अश्लील फोटो को महिला विधायक का बताकर शेयर किया:बयाना MLA बोलीं- आम महिला का क्या होगा; 7 महीने पहले डीपफेक वीडियो बनाया था बयाना से निर्दलीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत की सोशल मीडिया पर फेक अश्लील फोटो डाल दी गई। मामले की जानकारी विधायक तक पहुंची तो उन्होंने बुधवार को भरतपुर एसपी मृदुल कच्छावा को शिकायत दी। पूरी खबर पढ़िए अश्लील वीडियो को महिला विधायक का बताकर शेयर किया:बयाना MLA बनावत बोलीं- ये डीपफेक, मेरे साथ ऐसा हुआ तो अन्य महिलाओं का क्या? बयाना से निर्दलीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत का सोशल मीडिया पर डीपफेक वीडियो डाल दिया गया। पिछले 5 दिन से ये अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। पूरी खबर पढ़िए