खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 का समापन पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में हुआ। जहां चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने लगातार दूसरी बार ओवरऑल चैम्पियनशिप अपने नाम की। कैनोइंग और कयाकिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने 42 स्वर्ण सहित कुल 67 पदक जीते। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) 32 स्वर्ण के साथ उपविजेता रही, जबकि गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी तीसरे स्थान पर रही। समापन समारोह में राजस्थान के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा, युवा मामले और खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे मौजूद रहीं। इस दौरान कर्नल राठौड़ ने कहा कि राजस्थान ने देशभर के खिलाड़ियों का खम्मा घणी के साथ स्वागत कर उच्च स्तर की मेजबानी का मानक स्थापित किया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया की दृष्टि के अनुरूप सर्वश्रेष्ठ संस्करणों में से एक बताया। इस बार एथलेटिक्स में 12 मीट रिकॉर्ड टूटे, जिनमें दो ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी रिकॉर्ड शामिल रहे। ओलंपियन श्रीहरि नटराज 9 स्वर्ण और 2 रजत के साथ इस संस्करण के सबसे सफल एथलीट बने और जैन यूनिवर्सिटी को कुल 27 स्वर्ण दिलाने में अहम भूमिका निभाई। गुरु काशी यूनिवर्सिटी ने महिला और पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर चार स्वर्ण सहित कुल 12 पदक जीते और समग्र तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से ने शुक्रवार को सवाई मान सिंह स्टेडियम का दौरा किया। उन्होंने एथलेटिक्स ट्रैक, स्विमिंग पूल, इंडोर स्टेडियम और बैडमिंटन हॉल का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध सुविधाओं को देखा और समझा। इस दौरान खड़से खिलाड़ियों से बातचीत कर उनसे प्रशिक्षण और आवश्यकताओं को लेकर चर्चा भी की।