पोकरण. कस्बे में फलसूंड रोड पर एक होटल में गैस सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। इसके साथ ही आग की चपेट में आने से दो जने झुलस गए। जानकारी के अनुसार कस्बे में फलसूंड रोड पर स्थित एक होटल में सोमवार को सिलेंडर से गैस लीक होने लगी। कुछ ही देर में गैस ने अचानक आग पकड़ ली। अचानक लगी आग से एकबारगी अफरा-तफरी का माहौल हो गया और हड़कंप मच गया। आग से पास ही खड़े दो जने प्रदीप व हुकमाराम झुलस गए। मौके पर खड़े लोगों ने काफी देर तक आग बुझाने की मशक्कत की। सूचना पर नगरपालिका की दमकल मौके पर पहुंची और पानी डालकर आग पर काबू किया गया। आग से झुलसे दोनों जनों को पोकरण के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनका उपचार किया गया।
