जैसलमेर. सरहदी जैसलमेर जिले में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जैसलमेर, पोकरण सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ निर्जल व्रत रखा। शाम को चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना के बाद व्रत खोला। पूरे दिन शहर में धार्मिकता का माहौल रहा और मंदिरों के आसपास महिलाओं की चहल-पहल दिखाई दी। स्वर्णनगरी में करवा चौथ पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सजकर पूजा की तैयारियां कीं। सोनार दुर्ग स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर, रतनेश्वर महादेव मंदिर, वरुणेश्वर मंदिर, बाबा रामदेव मंदिर, गांधी चौक स्थित गणेश मंदिर और मुक्तेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए महिलाएं पहुंचीं। मंदिरों के आसपास दिन भर महिलाओं और कन्याओं की आवाजाही बनी रही। कई स्थानों पर महिलाओं ने एकत्र होकर करवा चौथ की कथा सुनी और परंपरागत रीति-रिवाजों का पालन किया।
