रामदेवरा (जैसलमेर). लोहारकी गांव में शराब के ठेके पर उधार शराब देने से इनकार करना सेल्समैन को भारी पड़ गया। उधार शराब को लेकर हुए विवाद के करीब दो घंटे बाद दो युवक हॉकी लेकर दोबारा ठेके पर पहुंचे। आरोप है कि इनमें से एक युवक ने ठेके के अंदर घुसकर सेल्समैन के सिर पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में 12 टांके लगाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पोकरण और फिर गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। लोहारकी शराब ठेके के सेल्समैन सुमेरसिंह ने रामदेवरा थाने में रिपोर्ट दी कि शाम करीब 7:30 बजे दो युवक ठेके पर पहुंचे थे। दोनों ने उधार शराब देने की मांग की। सुमेर सिंह ने उधार शराब देने से इनकार किया तो दोनों युवकों से विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों वहां से चले गए।