Jaipur Crime : जयपुर के सीतापुरा इलाके में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने बुधवार रात युवती पर हमला कर दिया। हमले से उसका कंधा जख्मी हो गया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। शोर की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो युवती कमरे में लहूलुहान मिली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।