जयपुर। सीकर रोड पर बुधवार दोपहर एक रोडवेज बस अचानक बेकाबू हो गई और देखते ही देखते सड़क पर चल रहे वाहन उसकी चपेट में आ गए। खेतान चौराहे के पास हुए इस हादसे में बस ने दो कारों, एक स्कूटी और एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बस के अगले टायर के नीचे फंस गई। हादसे में बाइक पर अपने बेटे के साथ जा रही 49 वर्षीय तुलसी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
