इंडियन प्रीमियर लीग-2026 में आज जयपुर के सवाईमान सिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से हो रहा है। राजस्थान ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। टीम के रेगुलर कप्तान रियान पराग नहीं खेल रहे। उपकप्तान यशस्वी जायसवाल ने टॉस कराया। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए राजस्थान को हर हाल में यह मैच जीतना होगा। मैच के चलते शहर में जगह-जगह जाम लग गया है। 22 गोदाम से अंबेडकर सर्किल तक वाहन रेंग रहे हैं। वहीं BJP ऑफिस के बाहर IPL पास को लेकर हंगामा हो गया। कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे से मैच के पास के लिए इंतजार कर रहे थे। शाम तक पास नहीं मिलने पर कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस को मामले में बीच-बचाव करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पदाधिकारियों ने अपने चेहेतों को पास बांट दिए।
इस सीजन में घरेलू मैदान पर 3 मैच हारे RR के लिए यह मुकाबला सिर्फ दो अंक हासिल करने का नहीं, बल्कि पूरे सीजन को जिंदा रखने की लड़ाई है। राजस्थान रॉयल्स फिलहाल पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। हालांकि घरेलू मैदान पर लगातार खराब प्रदर्शन टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है। इस सीजन में राजस्थान ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीता है। ऐसे में घरेलू मैदान पर आखिरी मैच टीम के लिए करो या मरो जैसा बन गया है। दरअसल, पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में टीम के निचले क्रम के बल्लेबाज और गेंदबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। साथ ही टीम की फील्डिंग भी कमजोर नजर आई थी। अब लखनऊ के खिलाफ राजस्थान हर विभाग में सुधार के इरादे से मैदान में उतरेगी।