पंजाब पुलिस के DIG हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ रिश्वत मामले में CBI ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। मामले में बिचौलिए कृष्नु शारदा को भी आरोपी बनाया गया है। करप्शन एक्ट की धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है। पहले यह चर्चा थी कि CBI इस मामले में 15 दिसंबर को चार्जशीट फाइल करेगी। वहीं, कल आरोपी DIG का रिमांड भी खत्म हो रहा है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। इस दौरान उन्हें चार्जशीट की कॉपी भी दी जाएगी। मोहाली आफिस से किया था अरेस्ट डीआईजी को 16 अक्टूबर को सीबीआई ने मोहाली स्थित कार्यालय से अरेस्ट किया था। पहले सीबीआई ने दलाल कृष्नु शारदा को अरेस्ट किया था, उसके बाद डीआईजी को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान उन पर पांच लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में कार्रवाई की गई थी। इसके बाद उनके घर पर दबिश दी गई, जहाँ से सात करोड़ 50 लाख रुपए, महंगी घड़ियाँ, शराब और गाड़ियों की चाबियां बरामद हुई थीं। गिरफ्तारी को हाईकोर्ट में दी चुनौती
DIG भुल्लर द्वारा अपनी गिरफ्तारी को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी हुई। याचिका पर हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि वह दिल्ली स्पेशल पुलिस एस्टैब्लिशमेंट (DSPE) एक्ट की धारा 5 और 51 के तहत जारी किसी भी आदेश का रिकॉर्ड अदालत में पेश करे। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि क्या चंडीगढ़ में राज्य के कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के लिए सीबीआई को कोई वैध अधिकार या आदेश दिया गया था। हालांकि अभी तक केंद्र ने जवाब दाखिल करना है। इससे पहले ही चार्जशीट दाखिल हुई है। विजिलेंस भी दर्ज कर चुकी है केस भुल्लर मामले में सीबीआई ने उन पर करप्शन एक्ट के साथ ही आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है। दूसरी तरफ पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भी उन पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है। लेकिन अभी तक पंजाब विजिलेंस आरोपी का रिमांड नहीं ले पाई है। इस समय वह बुड़ैल जेल में बंद है। वहीं, उन्होंने कुछ समय पहले चंडीगढ़ अदालत में याचिका दायर की थी। साथ ही गद्दे की मांग की थी। उनका कहना था कि उनकी पीठ में दर्द हो रही है। अदालत ने जेल सुपरिटेंडेंट को इस संबंध में कार्रवाई के आदेश दिए थे। इससे पहले भुल्लर के बैंक खाते अटैच किए गए हैं। ईडी की भी केस पर है नजर इस मामले में केंद्रीय एजेंसी ईडी भी नज़र रखे हुए है। ईडी की तरफ से केस से जुड़े सारे दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में ईडी भी इस मामले में एक्शन लेगी। ईडी ने सारा रिकॉर्ड जुटा लिया है।
