पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीरवार को फतेहगढ़ साहिब जिले की बस्सी पठाना अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीद सीजन की स्थिति का जायजा लिया और किसानों, आढ़तियों तथा मजदूरों से बातचीत की। मुख्यमंत्री मान ने बताया कि इस बार धान खरीद सीजन अच्छा चल रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि लिफ्टिंग का काम लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और मौसम साफ होने से धान में नमी भी काफी कम हो गई है। केंद्र से धान में नमी पर की थी चर्चा मान ने हाल ही में केंद्र सरकार की टीम के साथ हुई बैठक का भी जिक्र किया, जिसमें धान में नमी की सीमा पर चर्चा हुई थी। उन्होंने बताया कि यदि आने वाले दिनों में मौसम के कारण नमी बढ़ती है, तो केंद्र से नमी की सीमा 20 से 22 प्रतिशत तक बढ़ाने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ और खराब मौसम के बावजूद, पंजाब इस बार भी देश के अनाज उत्पादन में लगभग 170 लाख मीट्रिक टन का योगदान दे रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों को अब 24 घंटे के भीतर भुगतान मिल रहा है, जिससे उन्हें मंडियों में रात नहीं गुजारनी पड़ती, सिवाय उन मामलों के जहां फसल पूरी तरह सूखी नहीं होती। किसानों की हर समस्या पर सरकार की नजर मंडियों में भंडारण व्यवस्था पर सीएम ने कहा कि तहखानों में पर्याप्त जगह उपलब्ध है और सभी प्रक्रियाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार किसानों की हर समस्या पर नजर रख रही है और खरीद व भुगतान की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सवालों पर भगवंत मान ने कहा कि स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिकों की संख्या जल्द ही 1,000 की जाएगी, जिससे बड़े अस्पतालों पर बोझ कम होगा। सरकार अस्पतालों को अपग्रेड कर रही है और आने वाले समय में 10 लाख रुपए की स्वास्थ्य बीमा योजना भी लागू की जाएगी। सरकारी स्कूल के बच्चे अब कर रहे बेहतर प्रदर्शन शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मान ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चे अब हर बड़ी परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के पास अब उनकी सरकार का पूरा रिपोर्ट कार्ड है, जिसमें किसानों को राहत, मुफ्त बिजली, तथा शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार शामिल हैं।
