मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत को ट्वीटर मास्टर बताते हुए तीखा हमला बोला। दौसा के बांदीकुई में सभा को सम्बोधित करते हुए सीएम ने कहा कि केन्द्र सरकार की एक कैबिनेट मीटिंग में राज्य के लिए एक लाख करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। ये क्या देख रहे हो गहलोत साहब, कभी आपने ऐसा किया है क्या? सीएम ने कहा- जयपुर के लिए 13 हजार करोड की मेट्रो परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। क्योंकि आपके (गहलोत) द्वारा शुरू की गई मेट्रो रेल से तो प्रतिदिन लाखों रूपए का घाटा हो रहा है। वो (गहलोत) तो सिर्फ ट्वीटर मास्टर हो रहे हैं, ट्वीट करते रहते हैं। इस मास्टरी को छोड दीजिए, मैं ब्रज का हूं ये जादूगरी चलने वाली नहीं है।
पेपर लीक के दोषी बक्शे नहीं जाएंगे सीएम ने पेपर लीक को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- कांग्रेस के राज में एक भी परीक्षा ऐसी नहीं थी, जिसका पेपर लीक नहीं हुआ हो। हमारे ढाई साल के कार्यकाल में 300 से ज्यादा परीक्षाएं हो गई हैं, लेकिन एक भी परीक्षा में पेपर लीक नहीं हुआ। जिन्होंने पेपर लीक किया, वे आज जेल में हैं। जो बाहर है, उन्हें भी नहीं बक्शा जाएगा। अपराध करने वाले को किसी भी सूरत में नहीं छोड़ा जाएगा। सीएम ने कहा- सरकार युवाओं के लिए काम कर रही है। अभी तक 1.25 लाख नियुक्ति पत्र दे दिए, 1.35 लाख नौकरी प्रक्रियाधीन हैं और 1.25 हजार भर्तियों का कलेण्डर जारी कर दिया है। आराम से पढिए, सरकार हर वादे को पूरा करेगी। प्रदेश सरकार वंचित वर्ग, महिला उत्थान और गरीब कल्याण के लिए संकल्पित है। सीएम के सामने दंडवत हुए विधायक सीएम भजनलाल शर्मा ने जिले में 607.66 करोड़ रुपए के विकास कामों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ में बांदीकुई क्षेत्र के लिए भी कई घोषणाएं की। इस पर विधायक भागचंद टांकड़ा ने मंच पर ही दंडवत होकर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। अचानक हुए वाक्ये से एक बार तो सीएम भी असहज हो गए। वहीं विधायक भागचंद ने सम्बोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए पिछले दो साल में, जो बजट मिला वो पूर्व के 5 साल में भी नहीं मिला। पिछले 10 साल से शहर में 12 से 15 दिन में पानी आता था, गर्मियों में सरकारी आफिसों और विधायक कार्यालय के सामले मटका फोड विरोध प्रदर्शन होते थे। अब सिर्फ 3 दिन में पानी मिल रहा है। सुर्खियों में रहा पूर्व विधायक पर तंज विधायक भागचंद टांकडा ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र के लोगों ने पानी के लिए बहुत दु:ख पाया। यहां 2008, 2013 और 2018 के चुनाव पानी लाने के वादे की वजह से जीते गए। पिछले चुनाव में विधायक ने पानी लाने का वादा किया। चुनाव जीतने के बाद विधायक की पत्नी ने मंच से घोषणा की थी कि पानी नहीं आया तो तलाक दे दूंगी। लेकिन पूरे 5 साल न तो पानी आया और न तलाक। हम इंतजार करते रह गए कि या तो पानी आए या फिर तलाक। मैंने तो ऐसी कोई बात ही नहीं की है। मेरा तो कलर ही ऐसा है कि दूसरी शादी भी नहीं होगी। जो है उसी से काम चलाएंगे। उन्होंने अरोप लगाए कि पहले तो जलदाय विभाग ने तत्कालीन विधायक के निजि लोगों की बोरिंग किराए पर ली हुई थी। जो पानी नहीं, सिर्फ 10 लाख महिने की हवा देती थी। समारोह में मौजूद रहे इस दौरान डिप्टी सीएम डॉ प्रेमचंद बैरवा, सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, महवा विधायक राजेन्द्र मीणा, लालसोट विधायक रामविलास मीणा, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत, यूपी से सांसद संघमित्रा मौर्य, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला, जगमोहन मीणा, पूर्व मंत्री कन्हैयालाल मीणा, रामकिशोर मीणा, आईजी राहुल प्रकाश, कलेक्टर डॉ सौम्या झा, एसपी सागर राणा समेत बडी तादात में लोग मौजूद रहे। आरएसएस प्रचारक के घर पहुंचे सीएम कार्यक्रम के बाद सीएम भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और राजस्थान क्षेत्र सेवा प्रमुख शिवलहरी के पैतृक आवास पहुंचकर उनकी 94 वर्षीय मां की कुशलक्षेम पूछी। जहां मौजूद सवाईमाधोपुर विभाग संघचालक डॉ. सोहनलाल, जिला संघचालक भगवान सहाय सैनी, जिला सह कार्यवाह एडवोकेट नवीन गुर्जर, नगर कार्यवाह गिरिराज सैनी, मोतीलाल सैनी, सीताराम शर्मा समेत जिले के संघ पदाधिकारियों की सीएम से मुलाकात हुई।
