प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर नागौर नगर परिषद के भाजपा से जीते पार्षदों ने बाड़ेबंदी स्थल पर दीपक जलाकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान भाजपा की ओर से सभापति पद की उम्मीदवार संतोष टाक ने साथी पार्षदों के साथ दीपक जलाए। पार्षदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की। नागौर नगर परिषद चुनाव में भाजपा से जीत दर्ज करने वाले सभी पार्षद इन दिनों बाड़ेबंदी में हैं। सूत्रों के अनुसार भाजपा के निर्वाचित पार्षदों को माउंट आबू के एक रिसॉर्ट में रखा गया है। पार्टी की ओर से पार्षदों को एकजुट रखने और सभापति चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। निर्दलीय और कांग्रेस के पार्षदों की भी बाड़ेबंदी सभापति पद की उम्मीदवार संतोष टाक के पति हुकमीचंद टाक की ओर से भी निर्दलीय और कांग्रेस के जीते हुए पार्षदों के लिए अलग-अलग स्थानों पर बाड़ेबंदी किए जाने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार इन बाड़ेबंदियों में निर्दलीय पार्षदों के साथ कांग्रेस से जीतने वाले कुछ पार्षद भी मौजूद हैं। कल नाम वापसी के बाद तस्वीर होगी साफ नगर परिषद सभापति पद के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की नाम वापसी का समय शुक्रवार को समाप्त होगा। नाम वापसी के बाद ही सभापति पद के मैदान में बचे उम्मीदवारों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस के साथ निर्दलीय पार्षदों की भूमिका को लेकर भी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। नागौर में सभापति की कुर्सी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हैं। ऐसे में नाम वापसी के बाद सामने आने वाली स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
