श्रीगंगानगर में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी की बेटी के घर बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावर फर्जी पुलिसवाले बनकर घुर में घुसे और टीटी के दामाद गुरुचरण रमाना और उनके बेटे-बहू के साथ मारपीट की। लाठी-डंडों से हमले के बाद आरोपियों ने परिवार पर पिस्टल भी तान दी। घटना शनिवार देर रात करीब 10.30 बजे केसरीसिंहपुर थाना इलाके के 42 जीजी गांव की है। हमले की जानकारी के बाद 5 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, रविवार सुबह तक आरोपियों का सुराग नहीं मिला था। घटना का आज सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घर में एंट्री के लिए खुद को बताया था पुलिसकर्मी
एसपी अमृता दुहन ने बताया- व्यापारी गुरुचरण रमाना के घर शनिवार रात अज्ञात हमलावर घुसे थे। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया था। पुलिस के अनुसार व्यापारी गुरुचरण सिंह रमाना श्रीगंगानगर से अपने गांव 42GG लौट रहे थे। घर पहुंचने पर उनके पीछे पुलिस की वर्दी पहने 2 युवक भी आ गए। युवकों ने रमाना से बातचीत करने का अनुरोध किया और उन्हें घर की बैठक में चलने को कहा। जैसे ही व्यापारी ने बैठक का दरवाजा खोला, दोनों युवक अंदर आते ही उनसे मारपीट करने लगे। इसके बाद 4-5 अन्य बदमाश भी घर में घुस आए। उन्होंने रमाना के बेटे-बहू के साथ भी मारपीट की। अब देखिए- घर में हुई मारपीट से जुड़े PHOTOS… CCTV के फुटेज डिलीट करने के लिए मांगा डीवीआर
बदमाशों ने गुरुचरण सिंह रमाना के साथ मारपीट की और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। बदमाशों ने व्यापारी से बार-बार सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर मांगा, लेकिन रमाना ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी और शोर मचाया। बदमाशों ने व्यापारी की बहू पर भी हमला किया। उसने एक कमरे में जाकर खुद को बंद कर परिचितों को फोन करने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया और उनके तथा उनके बेटे के मोबाइल फोन छीन लिए। शोर सुनकर घर की छत पर सो रहा परिवार नीचे आया। डीवीआर नहीं मिलने पर बदमाश मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। 5 थानों की पुलिस जांच में जुटी
एसपी अमृता दुहन ने बताया कि- घटना के बाद 5 थानों की पुलिस श्रीगंगानगर कोतवाली, श्रीकरणपुर, पदमपुर, केसरीसिंहपुर और गजसिंहपुर पुलिस मौके पर पहुंची है। हालांकि, घर में लूट की कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। सभी आरोपी अज्ञात थे। जिनकी तलाश की जा रही है।
