जोधपुर रेल मंडल ने बनाड़ रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में विस्तार करते हुए एक अहम फैसला लिया है। अब यहां यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। रेलवे ने बनाड़ स्टेशन पर नए फुट ओवर ब्रिज के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट पर रेलवे 3.30 करोड़ रुपये खर्च करेगा। टेंडर प्रक्रिया जारी, एक साल में पूरा होगा काम जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधाओं को अपग्रेड करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही टेंडर फाइनल होगा, निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। रेलवे का लक्ष्य है कि काम शुरू होने के एक साल के भीतर पुल का निर्माण पूरा कर लिया जाए। 29 मीटर लंबा और 3 मीटर चौड़ा होगा पुल डीआरएम त्रिपाठी ने तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि बनाड़ स्टेशन पर बनने वाला यह एफओबी करीब 29 मीटर लंबा और 3 मीटर चौड़ा होगा। वर्तमान में स्टेशन पर दो प्लेटफॉर्म हैं। अब तक यात्रियों को पटरी पार करने या लंबी दूरी तय करने की मज़बूरी रहती थी, लेकिन इस पुल के बनने से वे सुरक्षित और सुगम तरीके से एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक आ-जा सकेंगे। बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों को मिलेगी बड़ी राहत डीआरएम के अनुसार, यह एफओबी विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और अन्य यात्रियों के लिए वरदान साबित होगा। इससे न केवल दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी, बल्कि यात्रियों को एक सुरक्षित यात्रा का माहौल भी मिलेगा।