राजस्थान में आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। एक स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) के सक्रिय होने से 22 जनवरी को 6 और 23 जनवरी को 10 जिलों में आंधी-बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। इस सिस्टम का असर खत्म होने के बाद एक बार फिर राजस्थान में तेज सर्दी के साथ घना कोहरा देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर होने की संभावना जताई है, जबकि पहले दिन जोधपुर संभाग के कुछ जिलों में भी सिस्टम का असर देखने को मिल सकता है। कोहरे से गिरा पारा, सर्दी बढ़ी पिछले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी जिलों में घना कोहरा रहा। इस कारण मंगलवार को जयपुर, चूरू, पिलानी, सीकर, फतेहपुर, करौली, दौसा, अलवर में तापमान गिरा। जयपुर को छोड़कर इन शहरों में तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। कल सबसे ज्यादा ठंडा इलाका पाली का एरिया रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में भी सर्दी का असर, पारा 29 डिग्री से नीचे कोहरे के कारण सभी शहरों में मंगलवार दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।