अजमेर | हाई सिक्योरिटी जेल में स्मार्ट वॉच, सिम कार्ड और चार्जर सहित अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने के मामले में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रोडक्शन वारंट पर 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद रविवार को सभी आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें वापस जेल भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी कुख्यात अपराधी रोहित गोदारा और लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं। ये आरोपी जेल के भीतर रहते हुए ही आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।प्रशिक्षु आईपीएस अजय सिंह के नेतृत्व में 11 नवंबर को हाई सिक्योरिटी जेल में सघन तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान एक वार्ड में बंद हार्डकोर अपराधियों के पास से दो स्मार्ट वॉच, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद किए गए। पुलिस ने पहले चरण में सचिन उर्फ संदीप थापन, दिनेश डागर और गुलजारी को गिरफ्तार किया था। जांच आगे बढ़ाते हुए अब सुनील, पिंटू, अभिषेक, सुमित और रामवीर को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उपकरणों का इस्तेमाल जेल के भीतर से रंगदारी और धमकी देने के लिए किया जा रहा था। पुलिस पूरे नेटवर्क और जेल में गैजेट्स पहुंचाने के तरीके की गहन जांच कर रही है।
