पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को आज (सोमवार) से तीन दिन घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि शीतलहर चलने की संभावना नहीं है। वहीं, राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी अगले 3 से 4 दिनों में होगी। गत 24 घंटे में राज्य के न्यूनतम तापमान में 0.5 और अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक हो गया है। पटियाला में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और चंडीगढ़ में 23.4 डिग्री दर्ज किया गया है। अमृतसर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री दर्ज किया गया है। 6 जिलों में घने कोहरे की संभावना आज अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, इस दौरान अंबाला-अमृतसर और दिल्ली हाईवे पर कुछ जगहों पर बादल छाए रहेंगे और घनी धुंध रहेगी। ऐसे में वाहन चालकों को ड्राइव करते समय अलर्ट रहना होगा। हालांकि चंडीगढ़ में 23.4 दर्ज किया है। यह तापमान साल 2022 और 24 जनवरी माह में पड़े तापमान से अधिक हो गया है। दोनों सालों में उस समय क्रमश: 22 और 22.4 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि, रविवार को अमृतसर, पटियाला, बठिंडा, लुधियाना, गुरदासपुर और फरीदकोट में धुंध की वजह से विजिबिलिटी जीरो से 100 मीटर के बीच रही। इस तरह की मौसम की स्थिति बन रही है इस समय दक्षिण पाकिस्तान के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तर पाकिस्तान की ओर खिसक गया है। यह समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। ऊपरी हवाओं में इसका असर लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक देखा जा रहा है। 19 और 21 जनवरी 2026 की रात से दो पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं। इससे मौसम में बदलाव आने की संभावना है। 22 और 23 को बारिश की संभावना मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि राज्य में 22 और 23 तारीख को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। वहीं, 24 तारीख को एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले 4 से 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। आने वाले तीन दिनों में ऐसा रहेगा मौसम 19 जनवरी – अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 20 जनवरी – अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ जगहों पर घना कोहरा पड़ सकता है। मौसम सूखा रहने की संभावना है। 21 जनवरी – कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम शुष्क रहने की संभावना है
