जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लगातार पुलिस नशा कारोबारियों को पकड़ रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार रात्रि में आबकारी टीम ने भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। आबकारी निरीक्षक रविंद्र प्रतापसिंह के नेतृत्व में शुक्रवार की रात को सिणधरी रोड पर रावतसर के पास नाकाबंदी की। इस दौरान मुखबिर की सूचना के अनुसार एक संदिग्ध कंटेनर को रुकवाया। कंटेनर रोकते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। जब आबकारी टीम ने पूरे कंटेनर की छानबीन की तो पूरा कंटेनर खाली मिला। काफी मशक्कत के बाद कंटेनर में एक दूसरा भाग भी मिला। जिसे कटर से कटवाकर देखा तो उसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त से भरे कट्टे मिले। कंटेनर को इस तरह डिजाइन किया था कि एक बार देखने पर किसी को भनक भी नहीं लग सकती कि इसके अंदर कुछ रखा हुआ भी है। एक ही कंटेनर को तीन भागों में बांटकर उसको पूरी तरह सील किया हुआ था। डबल छत के बने इस कंटेनर में ऊपर की छत को ऊपर उठाने के लिए हाइड्रोलिक पंप लगा था, उसी में 42 कट्टों में 876 किलो अवैध डोडा पोस्त छिपाकर रखा था। कार्रवाई के दौरान गार्ड उमाराम, सिपाही महेश कुमार, हुकमसिंह, विशनाराम, गोरधनराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कंटेनर की डबल छत, ऊपर का भाग हाइड्रोलिक पंप से जुड़ा, अंदर भी खांचा तस्कर ने डोडा पोस्त तस्करी के लिए पूरे कंटेनर को मॉडिफाई करवाया। इसमें एक बड़े हिस्से को खाली रखा और उसके ऊपर छत की चद्दर आ गई। इसी के अंदर एक साइड में एक खांचा बनाकर उसमें डोडा पोस्त के कट्टे भरकर वेल्डिंग करवाकर बंद कर दिया। तीसरा पार्ट कंटेनर की छत के ऊपर एक और छत लगाई। इस छत को ऊपर करने के लिए कंटेनर के अगले भाग में हाइड्रोलिक पंप लगाया। इस पंप की सहायता से ऊपर की छत खुलती है। कंटेनर के पीछे छोटे से खांचे और ऊपर की छत के नीचे 42 कट्टों में 876 किलो डोडा पोस्त भरकर पैक कर दिया। आबकारी अधिकारी दिनेश गहलोत ने बताया कि एक बार कंटेनर देखने पर कुछ भी पता नहीं चल पाया कि इसमें इतनी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त भरा हुआ है। टीम ने कंटेनर के अलग-अलग पार्ट्स को कटर से काटकर माल जब्त किया है। सीआई सुरेंद्रप्रतापसिंह ने बताया कि कंटेनर की जांच व उसके नंबरों के आधार पर महत्वपूर्ण लीड मिली है। मुख्य आरोपी सहित चालक को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इसको लेकर टीमें गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को पकड़ने के बाद ही माल के लाने व सप्लाई के स्थान का पता चल पाएगा। मादक पदार्थ तस्करी के नित नए तरीके इजाद कर रहे हैं तस्कर अफीम व डोडा पोस्त की मांग होने व सरकारी स्तर पर इनकी बिक्री बंद होने के कारण तस्करों की चांदी हो गई है। तस्कर मध्यप्रदेश, मणिपुर व राजस्थान के चित्तौड़गढ़ सहित अन्य इलाकों से जहां अफीम की खेती होती हैं, वहां से अवैध माल खरीदकर यहां बेच रहे हैं। पुलिस व आबकारी विभाग की सख्ती के कारण अब तस्करों ने तस्करी के नए नए तरीके इजाद करने शुरू कर दिए है। कुछ माह पहले गुड़ामालानी में पकड़े गए तस्करों के पास मॉडिफाइड एंबुलेंस बरामद की गई ताकि उसे पुलिस रोके नहीं। इसके बाद अब कंटेनर को मॉडिफाइड कर उसमें डोडा पोस्त भरकर लाए ताकि एकबारगी में देखने पर लगे कि कंटेनर खाली है। पुलिस की पकड़ में आने के बाद तस्कर फिर से नया रास्ता और नया तरीका ढूंढ़ रहे हैं।