सवाई माधोपुर में सरकारी स्कूल में रसोइए से मीट बनवाने वाले हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग ने 3 सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी मंगलवार को स्कूल पहुंची। टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों, हेडमास्टर और रसोइए के बयान लिए और मौके से साक्ष्य जुटाए। टीम को रसोई में नॉनवेज की जगह आलू-गोभी की सब्जी रखी मिली। गौरतलब है कि गंगापुर सिटी तहसील के राजकीय प्राथमिक स्कूल तालाब की ढाणी, हिंगोटा के हेडमास्टर ने सोमवार को स्कूल की रसोई में मीट और टिक्कड़ बनवाए। खुद बाहर धूप में कुर्सी डालकर बैठा रहा। इस दौरान बच्चों की छुट्टी कर मेन गेट पर अंदर से ताला लगा दिया था। ग्रामीण पहुंचे तो हेडमास्टर नशे में धुत था। हेडमास्टर अमर सिंह मीणा के बिना किसी ठोस कारण के स्कूल की छुट्टी कर रसोई में मीट बनवाने का वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। सवाई माधोपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक शिक्षा देवीलाल मीणा ने प्रारंभिक जांच में हेडमास्टर की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर सस्पेंड कर दिया। जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में अमर सिंह मीणा का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा सवाई माधोपुर निर्धारित किया गया है। 3 सदस्यीय जांच कमेटी गठित मामले की विस्तृत जांच के लिए शिक्षा विभाग ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया। इसमें विजय सांखला, प्रधानाध्यापक हिंगोटिया, जितेंद्र लोढ़ा, प्रधानाध्यापक महात्मा गांधी सरकारी स्कूल सापेरा बस्ती और कपिल शर्मा, प्रधानाध्यापक रेती स्कूल को शामिल किया गया है। जांच कमेटी के सदस्य मंगलवार को स्कूल पहुंचे और निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीण, संस्था प्रधान अमर सिंह, खाना बनाने वाले और अन्य लोगों के बयान लिए। टीम जांच रिपोर्ट को उच्च अधिकारियों के पास में भेजेगी। मीट की जगह आलू-गोभी की सब्जी रखी
जांच कमेटी के सदस्य मंगलवार को राजकीय प्राथमिक स्कूल तालाब की ढाणी पहुंचकर पूछताछ की। रसोई में पहुंचकर देखा तो आलू और गोभी की सब्जी रखी हुई थी। रसोइए से पूछा तो उसने कहा- कल यही सब्जी बनाई थी। उससे वीडियो में दिख रही सब्जी के बारे में पूछा तो वह अपनी बात पर अड़ा रहा। क्या बन रहा था, मैं तो अंदर गया ही नहीं: हेडमास्टर हेडमास्टर अमर सिंह मीणा ने बताया- एक मैडम मनरेगा का काम देखने के लिए आई थी, उसने पूछा क्या हो रहा है। इस पर मैंने बोल दिया कुछ नहीं हो रहा तो वह नाराज हो गई थी। स्कूल की छुट्टी नहीं थी, गांव में रामलीला चल रही थी और एक परिवार ने खाना दिया था। बच्चे वहां खाना गए थे। अंदर जो खाना बन रहा था, उसका मुझे कोई पता नहीं है। मै तो अंदर गया नहीं। रसोइया खाना बना रहा था, इसकी मुझे जानकारी नहीं थी। अंधेरे में मुझे तो कोई दूसरी सब्जी नहीं दिखाई दी: रसोइया
रसोइए इंद्रराज ने बताया- सोमवार को खाना बनाने के लिए बुलाया गया था। वह आलू-गोभी की सब्जी और टिक्कड़ बना रहा था। रसोई में आज भी वही सब्जी रखी है। दूसरी कोई सब्जी नहीं थी। अंधेरा था इसलिए मुझे तो कोई दूसरी सब्जी नहीं दिखी। समाज को कलंकित करने वाले शिक्षक को तुरंत बर्खास्त किया जाए ग्रामीण सीताराम गुर्जर ने बताया- हेडमास्टर अमर सिंह मीणा ने समय से पहले स्कूल की छुट्टी कर दी थी। हम पहुंचे तो स्कूल मेन गेट पर अंदर से ताला लगा था। जैसे-तैसे अंदर पहुंचे तो हेडमास्टर धूप में कुर्सी डालकर बैठा था। वह नशे में धुत था। रसोइए से टिक्कड़ और नॉनवेज बनवा रहा था। उससे पूछा तो कहा- मेरी डीईओ से शिकायत कर दो। समाज को कलंकित करने वाले ऐसे शिक्षक को नौकरी से तुरंत बर्खास्त किया जाए और कड़ी कार्रवाई की जाए। शिक्षक समाज का दर्पण होता है यदि शिक्षक ही ऐसा कुकृत्य करेगा तो चरित्रवान विद्यार्थी निर्माण की परिकल्पना संभव ही नहीं है। यह खबर भी पढ़ें- हेडमास्टर ने सरकारी स्कूल में पकाया मीट, VIDEO:बच्चों की छुट्टी कर मेन गेट पर ताला लगाया; ग्रामीण पहुंचे तो नशे में था सवाई माधोपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में हेडमास्टर ने रसोइए से मीट और टिक्कड़ बनवाए और खुद बाहर धूप में कुर्सी डालकर बैठ गया। इस दौरान बच्चों की छुट्टी कर मेन गेट पर अंदर से ताला लगा दिया। ग्रामीण पहुंचे तो नशे में धुत हेडमास्टर ने फोन पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से बात करने के लिए कहा। उन्होंने मना किया तो बोला- जो कार्रवाई हो कर लेना। मामला गंगापुर सिटी तहसील के राजकीय प्राथमिक स्कूल तालाब की ढाणी, हिंगोटा का है। इसका वीडियो भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर
