पंजाब और चंडीगढ़ में शीतलहर और धुंध का कहर जारी है। बठिंडा में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा, जबकि अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि यह सामान्य तापमान से 4.3 डिग्री कम है। वहीं, लुधियाना में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आज राज्य के 19 जिलों में सुबह के समय घने कोहरे और 8 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम 17 जनवरी तक ऐसा ही बने रहने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को हिदायत दी है कि बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। किसी भी तरह की समस्या होने पर टोल फ्री मेडिकल हेल्पलाइन नंबर 104 पर तुरंत संपर्क करें। पंजाब में ठंड से 4 की मौत
उधर, रविवार को ठंड की वजह से अबोहर में एक युवक की जान चली गई। सुबह जैसे ही लवप्रीत नाम के युवक को उठाने की कोशिश की गई, तो वो उठा ही नहीं। वो माल उतारने के लिए अबोहर पहुंचा था। पुलिस को आशंका है कि ठंड के चलते उसकी जान चले गई। वहीं, तरनतारन में परिवार के तीन लोगों की दम घुटने के कारण मौत हो गई। परिवार घर में आग जलाकर सो रहा था। सोते समय लोग आग से निकलने वाली जहरीली गैस का अनुमान नहीं लगा सके, जिसके कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय अर्शदीप सिंह (गुरसाहिब सिंह के बेटे), उनकी 20 वर्षीय पत्नी जशनदीप कौर और उनके 2 महीने के बच्चे गुरबाज सिंह के रूप में हुई है। ठंडी हवाओं ने कंपकंपी बढ़ाई
जानकारी के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ जो उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा में चक्रवाती रूप में बना हुआ था, अब कमजोर पड़ गया है। यह सिस्टम समुद्र तल से 3.1 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर था। अब एक नया पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। ठंडी हवाएं चल रही है। इस वजह से आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली और मलेरकोटला में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। जबकि गुरदासपुर, अमृतसर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा और पटियाला में शीत लहर चलने की संभावना है। मौसम शुष्क (सूखा) रहने के आसार हैं। 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से कम
12 जिलों में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री से 5.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ में रात का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री, अमृतसर में 3.2 डिग्री, लुधियाना में 4.6 डिग्री और पटियाला में 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल से सटे रूपनगर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया है। पंजाब के कुछ इलाकों में घना कोहरा विजिबिलिटी 50 से 199 मीटर दर्ज किया । 24 घंटे के बाद बढ़ेगा तापमान
चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि राज्य में मौसम ड्राई रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। 13 जनवरी – पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम शुष्क (सूखा) बने रहने की संभावना है। 14 जनवरी -पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम शुष्क (सूखा) रहने की संभावना है। 15 जनवरी-पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम ड्राई रहने की संभावना है।
