राष्ट्रीय बालिका दिवस पर 24 जनवरी को राजस्थान विधानसभा के कांस्टीट्यूशन क्लब में जाट महिला शक्ति संगम का आयोजन होगा। पहली बार समाज की कर्मशील माताओं के नाम पर भक्त शिरोमणि करमा बाई, महारानी किशोरी देवी जैसे कई अवॉर्ड विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बेटियों को दिए जाएंगे। कार्यक्रम में हर जिले से महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मुख्य अतिथि होंगी। शिक्षित महिला,सशक्त समाज की श्रृंखला में जाट समाज की ओर से यह नारी सशक्तीकरण का दूसरा कार्यक्रम है। इस बार प्रत्येक जिले से समाज की आम और खास महिलाएं इसमें शिरकत करेंगी। कार्यक्रम संयोजक लक्ष्मी हरिराम किवाड़ा ने बताया कि समारोह में जाट समाज की देश और विदेश से शिक्षित और सशक्त महिलाएं शामिल होंगी, जो समाज की दशा और दिशा पर चिंतन-मंथन के साथ ही समाज व राष्ट्र उत्थान के विभिन्न विषयों पर संवाद और विजन प्रस्तुत करेंगी। जाट महिला स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी। साथ ही जाट समाज के गौरवशाली अतीत, वर्तमान और स्वर्णिम भविष्य को लेकर डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रसारण भी किया जाएगा। आयोजन के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित की गई है। सभी 41 जिलों से जाट महिला शक्ति संगम का प्रतिनिधिमंडल शामिल होना सुनिश्चित किया है । संगम में शिक्षा, विकास, सामाजिक सरोकारों में सहभागिता, पुलिस, सेना और प्रशासनिक सेवाओं में भागीदारी, एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ाने, खेल प्रतियोगिताओं प्रोत्साहन देने, बिजनेस में भागीदारी बढ़ाने, कला और संस्कृति के संरक्षण संवर्धन, वकालत और न्याय क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने, चिकित्सा और इंजीनियरिंग में नवाचार और अनुसंधान बढ़ाने जैसे विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सेशन होंगे। मातृ शक्ति पुरस्कार से करेंगे सम्मानित सत्यवादी वीर तेजाजी की मां रामकंवरी, लोक देव श्री राला बाबा बाबा महाराज की मां अणची देवी, भक्त शिरोमणि श्री धन्नाजी की मां गंगा देवी, संत साध्वी कर्मा बाई, राम भक्त रानाबाई, भक्त शिरोमणि फूलां बाई, महाराजा सूरजमल की मां रानी देवकी, महाराजा सवाई जवाहर सिंह की मां महारानी किशोरी देवी, अमर शहीद भगत सिंह की मां विद्यावती, भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की मां नेत्र कौर, शिक्षा संत स्वामी केशवानंद की मां सारां देवी, चौधरी सर छोटू राम की मां हरकी देवी, चौधरी कुंभाराम आर्य की मां मांगू देवी समेत अनेक मातृ शक्ति के नाम से विभिन्न श्रेणी के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।