राजस्थान में कोहरा कम होने के बाद बर्फीली हवा का असर और तेज हो गया है। गुरुवार को राज्य के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट हुई, जिससे यहां सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा ठंडा शहर सीकर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, रेगिस्तानी इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई। गुरुवार को जैसलमेर में तापमान पहली बार 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में गुरुवार को 18 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। 4 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट भी है। वहीं, 10 और 11 जनवरी को भी सर्दी का असर रहेगा। सर्दी के चलते 25 जिलों में स्कूलों में छुट्टी रहेगी। पिछले 24 घंटे के दौरान बीकानेर संभाग के अलावा भरतपुर, कोटा संभाग के एरिया में घना कोहरा रहा। हालांकि दोपहर होते-होते इन इलाकों से कोहरा छटा और हल्की धूप निकली। प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान करौली में 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 12.3, झुंझुनूं में 15.9, चूरू में 15.3, वनस्थली (टोंक) में 16.6, दौसा में 16.2, बीकानेर में 17.5, जैसलमेर में 17.8, अलवर में 17, जयपुर व सीकर में 19-19 और सबसे अधिक 23.3 डिग्री सेल्सियस जालोर में दर्ज हुआ। इन जिलों में सीजन की सबसे सर्द रात
राज्य में कोल्ड वेव के असर से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। कई शहरों में 5 डिग्री या उससे नीचे न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। गुरुवार को बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, झुंझुनूं, कोटा, सीकर, अलवर में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। आज 18 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 9 जनवरी को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, अलवर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा और बारां में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। नागौर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं जिलों में कोल्ड-वेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 11 जनवरी जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर और सवाई माधोपुर जिलों में घना कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है।
