बूंदी के केशवरायपाटन क्षेत्र में धान के उचित मूल्य को लेकर किसानों ने आंदोलन का ऐलान किया है। आडा गेला बालाजी मंदिर पर आयोजित महापंचायत में सैकड़ों गांवों के किसानों ने भाग लिया। किसानों ने 26 तारीख को कोटा संभागीय आयुक्त कार्यालय पर धरना देने का निर्णय लिया है। शुगर मिल संयुक्त किसान समन्वय समिति के प्रतिनिधि नवीन श्रृंगी ने बताया कि किसान अब धान के उचित मूल्य के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। युवा किसान नेता गिर्राज गौतम ने कहा कि पिछले वर्ष चावल मिल मालिकों और व्यापारियों ने राजनीतिक संरक्षण में किसानों से कम दाम पर फसल खरीदी। इससे किसानों को प्रति क्विंटल 1000 से 1500 रुपए तक का नुकसान हुआ। गौतम ने बताया कि छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पंजाब और हरियाणा की मंडियों में धान के दाम 1000 रुपए प्रति क्विंटल अधिक रहे। किसानों की मांग है कि उन्हें कम से कम 4000 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिलना चाहिए। किसान अब जातीय और दलीय भावना से ऊपर उठकर अपने अधिकारों के लिए एकजुट हो रहे हैं।