बूंदी में घाट का बराना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का पुराना भवन जर्जर हालत में है। इसकी दीवारें और छत क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा को खतरा है। आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को छात्र नेता सोनू मीणा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा से मिला। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र को नए भवन में स्थानांतरित करने की मांग की। नए भवन का निर्माण तीन महीने पहले पूरा हो चुका है। लेकिन अभी तक वहां सेवाएं शुरू नहीं हुई हैं। इस स्वास्थ्य केंद्र में घाट का बराणा के अलावा कोटड़ी, झपायता, बलदेवपुरा समेत आधा दर्जन गांवों के लोग इलाज के लिए आते हैं। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी बूंदी से चर्चा कर जल्द सेवाएं शुरू करवाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान तारा पटियाल, नवीन पालीवाल, विकास मीणा, सुदीप सक्सेना, नीरज मीणा, बृजपाल बाथम, राजेंद्र मीणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।