भास्कर न्यूज | चित्तौड़गढ़ अतुल्य श्रीपंजाबी समाज ने नववर्ष एवं लोहड़ी पर्व का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत लोहड़ी की अग्नि प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें समाजजनों ने परंपरानुसार रेवड़ी व मूंगफली अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना की। भांगड़ा नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं पंजाबी गीतों ने सभी का मन मोह लिया। गायन व नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पंजाबी समाज की बच्ची लवली बत्रा के सीएचओ पद पर चयन होने पर विशेष रूप से सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाज की कार्यकारिणी के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भरत डंग का विशेष योगदान रहा। जिलाध्यक्ष राजीव कपाई सहित कार्यकारिणी सदस्य मुकेश सपरा, बृजेश छाबड़ा, गुरविंदर सिंह सिद्धू, विनोद होड़ा, राजीव सेठ एवं मधु छाबड़ा का भी सहयोग रहा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष डॉ. मुकेश अरोड़ा, डॉ. जितेंद्र बहल, तरुण कालरा सहित उदयपुर, भीलवाड़ा एवं जयपुर से आए कार्यकारिणी सदस्य भी उपस्थित रहे। बाहर से आए सभी राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों एवं अतिथियों को विजय स्तंभ का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने जिला कार्यकारिणी को सम्मान पत्र भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पंजाबी पुरुषों का गुलाबी साफा एवं महिलाओं व बच्चों का गुलाबी दुपट्टा पहनाकर पारंपरिक स्वागत किया। रेवड़ी, मूंगफली का प्रसाद वितरित किया गया।