क्रिकेटप्रेमियों दिल थाम लो। 2008 से जयपुर में बदस्तूर चला आ रहा आईपीएल का सिलसिला अब थमने वाला है। इस बार आईपीएल के मैच जयपुर में नहीं होंगे। जयपुर से आईपीएल के मैच पुणे शिफ्ट होने की तैयारी हो गई है। इस सिलसिले में राजस्थान रॉयल्स के टॉप मैनेजमेंट की महाराष्ट्र क्रिकेट संघ से कई दौर की बातचीत हो चुकी है और पूरी उम्मीद है कि जल्द ही इस बार मैच जयपुर से पुणे शिफ्ट होने का करार भी हो जाएगा। राजस्थान के क्रिकेटप्रेमियों के लिए ये निराशा की बात होगी। रॉयल्स के अपना बेस पुणे बनाने के प्रयासों से राजस्थान क्रिकेट संघ भी निराश है। यही कारण है कि आरसीए एडहॉक कमेटी ने बीसीसीआई और आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल को आईपीएल जयपुर में ही कराने के लिए मेल किया है। खास बात यह है कि आरसीए एडहॉक कमेटी में आपस में कितने भी विवाद हों लेकिन आईपीएल जयपुर से बाहर न जाएं इस पर सभी सदस्य सहमत हैं। आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डीडी कुमावत ने कहा, ‘हां, हमने बीसीसीआई को आईपीएल जयपुर में ही कराने के लिए लिखा है। इस पर एडहॉक कमेटी के सभी सदस्य सहमत हैं। हमने विजय हजारे ट्रॉफी के मैचों की सफलतापूर्वक मेजबानी की है। रोहित शर्मा जिस मैच में खेले थे उसमें करीब 20 हजार लोग मैच देखने आए थे। टीम और खिलाड़ियों को सुरक्षा की किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। आईपीएल में भी हम सरकार के साथ मिलकर सुरक्षा की पूरी गारंटी देने के लिए तैयार हैं लेकिन हम चाहते हैं कि आईपीएल के मैच जयपुर से शिफ्ट न हों।’ इसलिए शिफ्ट होना चाहती है आरआर
रॉयल्स ने प्राइवेट कंपनी से सर्वे कराया है। इसमें स्टेडियम की हालत काफी नाजुक बताई गई है। स्टेडियम को रिनोवेट कराने की बात कही गई है। कोई हादसा न हो जाए इसलिए भी राजस्थान रॉयल्स जयपुर से मैच शिफ्ट करना चाहती है। आरसीए का कहना है कि स्टेडियम पूरी तरह सुरक्षित है। हम इसकी गारंटी लेते हैं। जो कमी होगी उसे समय रहते दूर कर लिया जाएगा।